Palwal news: एचटेट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार
परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचें परीक्षार्थी, नियमों की करें पालना : उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर
आगामी 4 एवं 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
पलवल:आगामी 4 एवं 5 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

तीन सत्रों में होगी परीक्षा, प्रवेश से पहले होगी पहचान व बॉयोमैट्रिक जांच: उपायुक्त ने बताया कि 4 जुलाई को परीक्षा सायंकालीन सत्र में दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 5 जुलाई को परीक्षा प्रात:कालीन सत्र में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा सायंकालीन सत्र में दोपहर बाद 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व प्रत्येक परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं वैध पहचान पत्र का गहन सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी अभ्यर्थियों की बॉयोमैट्रिक सत्यापन प्रक्रिया भी अनिवार्य रूप से की जाएगी।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, महिलाओं एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश: उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बॉयोमैट्रिक मशीनें तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व जांच सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि महिला अभ्यर्थियों को केवल मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सिख धर्म से संबंधित धार्मिक प्रतीकों को नियमानुसार अनुमति रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांग एवं नेत्रहीन अभ्यर्थी अपने प्रमाण-पत्र साथ लेकर आएं। पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करें अधिकारी: डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रश्न-पत्रों की कोडिंग (ए, बी, सी एवं डी) का विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात प्रत्येक कर्मचारी के पास फोटोयुक्त पहचान पत्र होना अनिवार्य है। साथ ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात किसी भी कर्मचारी का कोई परिजन अथवा निकट संबंधी संबंधित परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी नहीं होना चाहिए।
समय से पहले पहुंचें परीक्षार्थी : उपायुक्त
उपायुक्त ने परीक्षार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पर्याप्त पहले पहुंचें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूर्णत: पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी परीक्षार्थी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में नगराधीश प्रीति रावत, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता रंजन राव, जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




