Rewari News: मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में जिला नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं का हुआ विस्तार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के स्वास्थ्य मंत्री का कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिला नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है।
रेवाड़ी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के स्वास्थ्य मंत्री का कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिला नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। सरकार की जनकल्याणकारी सोच एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाने के संकल्प के अनुरूप अस्पताल में अनेक नई एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएँ प्रारंभ की गई हैं। इन सेवाओं के प्रारंभ होने से रेवाड़ी ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होने लगा है।.jpeg)
प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कि गंभीर मरीजों के उपचार को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अस्पताल में हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) तथा आईसीयू सेवाओं का सफल संचालन प्रारंभ किया गया है। इन सुविधाओं के माध्यम से गंभीर एवं अति गंभीर मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा निरंतर निगरानी एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

कैंसर मरीजों को उनके जिले में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नागरिक अस्पताल में डे-केयर कैंसर सेंटर स्थापित किया गया है, जहाँ कीमोथेरेपी सहित आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सुविधा से मरीजों एवं उनके परिजनों का समय, धन एवं अनावश्यक परेशानी की बचत हो रही है। महिलाओं के समग्र स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल में "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार क्लिनिक" प्रारंभ किया गया है। इस क्लिनिक में महिलाओं को किशोरावस्था से लेकर वृद्धावस्था तक विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जांच, उपचार एवं जागरूकता सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अस्पताल में पहली बार हिप रिप्लेसमेंट एवं नी रिप्लेसमेंट सर्जरी जैसी उन्नत ऑर्थोपेडिक सेवाएँ प्रारंभ की गई हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को महंगे निजी अस्पतालों अथवा बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं रही तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सरकारी अस्पताल में ही आधुनिक उपचार उपलब्ध हो रहा है। इसके अतिरिक्त अस्पताल में लंबे समय से प्रतीक्षित लिथोट्रिप्सी (पथरी) सेवा भी पुनः संचालित की गई है, जिससे गुर्दे एवं मूत्र मार्ग की पथरी से पीड़ित मरीजों को आधुनिक एवं प्रभावी उपचार अपने ही जिले में उपलब्ध हो रहा है।
गर्भवती महिलाओं एवं गर्भस्थ शिशु की बेहतर निगरानी के लिए सीटीजी (कार्डियोटोकोग्राफी) सेवा भी नियमित रूप से संचालित की जा रही है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अस्पताल में 24×7 प्रयोगशाला सेवाएँ तथा 24×7 एक्स-रे सेवाएँ प्रारंभ की गई हैं। अब किसी भी समय अस्पताल में आने वाले मरीजों की आवश्यक जांच तत्काल उपलब्ध हो रही है, जिससे उपचार में तेजी आई है तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
आयुष्मान भारत योजना के अधिकाधिक लाभार्थियों तक सुविधाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से अस्पताल परिसर में 24×7 आयुष्मान भारत सहायता एवं सत्यापन काउंटर भी संचालित किया जा रहा है, जिससे पात्र मरीजों को समय पर कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में भी अस्पताल द्वारा महत्वपूर्ण पहल करते हुए पात्र बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार, मरीजों को समय पर उपचार तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। अस्पताल का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके अपने जिले में ही बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने इन सभी उपलब्धियों का श्रेय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन एवं जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से जिला नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।

About The Author
संबंधित समाचार



