Nuh Mewat News: मुख्यमंत्री आज ऑनलाइन करेंगे नूंह के 16 अमृत सरोवरों का लोकार्पण
जिला अस्पताल के नवीनीकरण का भी होगा लोकार्पण, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं एवं पौधारोपण पखवाड़े का होगा शुभारंभ
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 1 जुलाई को प्रदेशभर में विकसित 325 अमृत सरोवरों का ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर अंबाला जिले के नारायणगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तर पर भी किया जाएगा।
मेवात। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 1 जुलाई को प्रदेशभर में विकसित 325 अमृत सरोवरों का ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर अंबाला जिले के नारायणगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तर पर भी किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 10 बजे लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में होगा।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर नूंह जिले में लगभग 8 करोड़ 72 लाख 78 हजार रुपये की लागत से विकसित 16 अमृत सरोवरों का भी ऑनलाइन लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर योजना के तहत जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन सरोवरों का विकास किया गया है।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में समय पर उपस्थित होकर राज्यस्तरीय समारोह के सीधा प्रसारण में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल संसाधनों का संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसी अवसर पर नूंह के जिला नागरिक अस्पताल के नवीनीकरण उपरांत उसका भी ऑनलाइन लोकार्पण करेंगे। साथ ही जिले के सभी सरकारी अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालय में पौधारोपण पखवाड़े का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रथम चरण में राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सेवाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को समय पर मनोसामाजिक परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सकेगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



