Faridabad News : जनसुनवाई शिविर में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
20 शिकायतें प्राप्त, कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश
नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जाने वाले साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर का आयोजन इस सप्ताह सोमवार को संत कबीर जयंती के सरकारी अवकाश के कारण मंगलवार को मेयर कार्यालय में किया गया। शिविर की अध्यक्षता महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने की, जबकि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित किए जाने वाले साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर का आयोजन इस सप्ताह सोमवार को संत कबीर जयंती के सरकारी अवकाश के कारण मंगलवार को मेयर कार्यालय में किया गया। शिविर की अध्यक्षता महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने की, जबकि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। 
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है, ताकि पानी माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि पेयजल आपूर्ति, सीवर व्यवस्था, नालों की सफाई तथा प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक प्राप्त हो रही हैं, जिनके समाधान के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। महापौर ने बताया कि आज आयोजित जनसुनवाई शिविर में कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं।
शिविर के दौरान मलेरना गांव के समीप स्थित रामनगर कॉलोनी के निवासियों ने महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए कॉलोनी में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं किए जाने की मांग की। महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं सेक्टर-21सी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बड़खल पुल के नीचे बनी झुग्गियों को हटाने की मांग करते हुए शिकायत प्रस्तुत की। उनका कहना था कि झुग्गियों के कारण क्षेत्र में स्वच्छता एवं यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त गांव मीरजापुर के निवासियों ने नालियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाने की मांग उठाई। नागरिकों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण के कारण नालियों की सफाई का कार्य बाधित हो रहा है और बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सैनिक कॉलोनी से आए नागरिकों ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा आवश्यक तकनीकी जांच कर नियमित जलापूर्ति के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि जनसुनवाई शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नगर निगम आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं जनसुनवाई शिविर के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके। इस मौके पर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह भी मौजूद रहे।उन्होंने यह भी बताया कि आगामी सप्ताह से जनसुनवाई शिविर पुनः अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक सोमवार प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



