Palwal News: पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
अल्ट्रासाउंड केंद्रों से संबंधित विभिन्न आवेदनों पर हुआ विचार-विमर्श, नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
जिला सलाहकार समिति (पीसी-पीएनडीटी) की बैठक मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय पलवल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी, पीसी-पीएनडीटी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. राहुल कुमार ने की। बैठक में पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिला में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों से संबंधित विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पलवल। जिला सलाहकार समिति (पीसी-पीएनडीटी) की बैठक मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय पलवल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी, पीसी-पीएनडीटी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. राहुल कुमार ने की। बैठक में पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिला में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों से संबंधित विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं अस्पतालों से प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। तिरुपति डायग्नोस्टिक्स एंड लैब्स, पलवल में डॉ. मोहित सिंघल, डॉ. त्र्यंबक गोयल तथा डॉ. रवि सहरावत के नाम जोडऩे संबंधी आवेदन पर चर्चा की गई। इसके अलावा एसडीएच होडल में डॉ. कौसर जहांन एवं डॉ. आकांक्षा गुप्ता के नाम जोडऩे तथा डॉ. प्रियंका दास गुप्ता, डॉ. नम्रता, डॉ. अमिया अंशु के नाम पीसी-पीएनडीटी रिकॉर्ड से हटाने संबंधी प्रस्ताव पर भी समिति द्वारा विचार किया गया।
बैठक में डॉ. राहुल कुमार ने सभी संबंधित चिकित्सकों एवं अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि वे पीसी-पीएनडीटी अधिनियम एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अल्ट्रासाउंड सेवाओं का उपयोग केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें। उन्होंने कहा कि भ्रूण लिंग जांच एवं इससे संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति अथवा संस्थान पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने पीसी-पीएनडीटी टीम को निर्देशित किया कि जिला में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं अस्पतालों के यूएसजी केंद्रों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिनियम का प्रभावी पालन हो सके और लिंगानुपात सुधार के प्रयासों को मजबूती मिले।
बैठक में उप सिविल सर्जन पलवल डॉ. प्रवीण कुमार, एनजीओ प्रतिनिधि डॉ. पिंकी, पलवल डोनर्स क्लब अल्पना मित्तल, नागरिक अस्पताल पलवल से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. कृतिका तंवर, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. सरफराज तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वासुदेव सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



