Rewari News: बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने जिला बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के साथ की समीक्षा बैठक
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि बच्चों को पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी देने के लिए अधिक से अधिक स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
रेवाड़ी: डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि बच्चों को पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी देने के लिए अधिक से अधिक स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ-साथ जिला में बाल श्रम नहीं होने दिया जाए। बाल श्रम कराने वाले ढाबा, होटल व फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित बच्चों को आवश्यक सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जाए।
डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के साथ समीक्षा बैठक करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने बैठक में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, स्पॉन्सरशिप, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला में पॉक्सो एक्ट और बाल सुरक्षा को लेकर विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाए।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका यादव ने बैठक में बताया कि जिला में नियमित रूप से पॉक्सो एक्ट को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तीन महीनों में 43 से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को पॉक्सो एक्ट के बारे में जानकारी दी गई है। इसके अलावा बाल श्रम रोकने के लिए जिला में छापा मारने की कार्रवाई की जाती है। बाल श्रम, गुमशुदा बच्चों और पॉक्सो एक्ट आदि केस में बच्चों की मेडिकल जांच व काउंसिलिंग भी करवाई जाती है। इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी विरेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव, डिप्टी सीएमओ डा. भंवर सिंह, रेडक्रास सोसायटी सचिव बिजेंद्र सिंह सौरोत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



