Kurukshetra News: वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में पूर्व की भांति रियायत देने की मांग, रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन
जन कल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि.) हरियाणा की ओर से देश के वरिष्ठ नागरिकों को भारतीय रेल में पूर्व की भांति आधे किराये पर यात्रा की सुविधा पुनः लागू किए जाने की मांग को लेकर माननीय रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
कुरुक्षेत्र: जन कल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि.) हरियाणा की ओर से देश के वरिष्ठ नागरिकों को भारतीय रेल में पूर्व की भांति आधे किराये पर यात्रा की सुविधा पुनः लागू किए जाने की मांग को लेकर माननीय रेल मंत्री को ज्ञापन भेजा गया। संस्था ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र एवं समाज की सेवा में समर्पित किया है और वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई तथा सीमित आय के कारण उनके लिए रेल यात्रा करना आर्थिक रूप से कठिन होता जा रहा है।
संस्था ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि पूर्व में भारतीय रेल द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में रियायत प्रदान की जाती थी, जिससे लाखों बुजुर्गों को राहत मिलती थी। इस सुविधा के बंद होने के बाद अनेक वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य उपचार, पारिवारिक एवं धार्मिक कार्यों के लिए यात्रा करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जन कल्याण मंच कुरुक्षेत्र (रजि.) हरियाणा के अध्यक्ष दलबीर सिंह मलिक ने कहा, "वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज के निर्माण में लगाया है, उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। केंद्र सरकार को चाहिए कि वह मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूर्व की भांति कम से कम 50 प्रतिशत रेल किराया रियायत की सुविधा तत्काल प्रभाव से पुनः लागू करे। इससे करोड़ों बुजुर्गों को राहत मिलेगी और वे बिना आर्थिक बोझ के आवश्यक यात्राएं कर सकेंगे।
महासचिव सरदार बलदेव सिंह सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि रेल मंत्रालय इस जनहितकारी मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लेगा, जिससे देशभर के वरिष्ठ नागरिकों को पुनः रेल किराये में रियायत का लाभ मिल सके। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश शर्मा, राजकुमार वालिया, स्वतंत्र शर्मा, के.सी.वर्मा, हेमंत यादव, शिव किरमच, धर्म सिंह जोगनाखेड़ा, संजय शर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



