Gurugram news: बरसात में डूबा शहर तो दे दिया"वर्क फ्रॉम होम" का फरमान
पूरे शहर में निगम के "भ्रष्टाचार के गड्ढे" बने नासूर, इंसान से लेकर पशु तक असुरक्षित
खुद से व्यवस्थाएं संभाले नहीं संभली तो लोगों को ही "वर्क फ्रॉम होम" नसीहत दे दी। यह वही हुआ कि "खुद मियां फजीहत दूसरों को नसीहत"। गौर करने लायक यह है कि पूरा का पूरा प्रशासन जब फेल हो गया तो पुलिस के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी डाल दी। मंगलवार को बरसात के बाद सड़कों पर सुचारू यातायात के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
गुरुग्राम: खुद से व्यवस्थाएं संभाले नहीं संभली तो लोगों को ही "वर्क फ्रॉम होम" नसीहत दे दी। यह वही हुआ कि "खुद मियां फजीहत दूसरों को नसीहत"। गौर करने लायक यह है कि पूरा का पूरा प्रशासन जब फेल हो गया तो पुलिस के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी डाल दी। मंगलवार को बरसात के बाद सड़कों पर सुचारू यातायात के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। आगे भी बिगड़ती व्यवस्थाओं के मद्देनजर पुलिस ने एक्स (पहले ट्वीट) पर वर्क फ्रॉम होम की सलाह दे डाली। एक न्यूज एजेंसी के अनुसार इस पोस्ट में गुरुग्राम में भारी बारिश के कारण कॉर्पोरेट कर्मचारियों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' की सलाह दी गई है।

बरसों बरस से बरसात में डूबते गुरुग्राम को राहत देने के लिए हर बार बड़े बड़े दावे किए जाते हैं। पहले विभागों की ओर से ही दावे किए जाते रहे हैं लेकिन इस बार तो सरकार के कैबिनेट मंत्री ने भी पूरी "ताल ठोक" कर कहा कि इस बार जलभराव नहीं होने देंगे। जीएमडीए और नगर निगम की और से जलभराव से निपटने की करोड़ों रुपए की बड़ी बड़ी परियोजनाएं घोषित कर यह सुनिश्चित कर दिया कि इस बार जलभराव नहीं होगा, होगा भी तो लोगों को कतई परेशानी नहीं होगी। लेकिन पहली ही बारिश में शहर के "अरमान" डूब गए। अब शहर को जलभराव से बचाने का नया फार्मूला खोज लिया है। फार्मूला सीधा है कि बारिश हो तो जरूरी काम के लिए भी घर से मत निकलो। यह वही बात हुई कि खुद मियां फजीहत, दूसरों को नसीहत"
इस पोस्ट में लिखा है कि गुरुग्राम में हो रही और आगे होने वाली भारी बारिश को देखते हुए, शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की पूरी संभावना है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, ट्रैफिक का अनावश्यक दबाव कम करने और सड़क प्रबंधन में स्थानीय प्रशासन की मदद करने के लिए, गुरुग्राम पुलिस यह सावधानी वाली सलाह जारी कर रही है।
लगा था 12 किमी. लंबा जाम: मंगलवार को बारिश के बाद साइबर सिटी में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। प्रशासन के दावे एक ही बारिश ने खोखले साबित कर दिए। मंगलवार को बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर नरसिंहपुर के पास दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली लेन पर सड़क धंस गई। इस कारण एनएच-48 की दो लेन को बंद करना पड़ा। इसके बाद हाईवे पर 12 किलोमीटर से लंबा जाम लग गया और पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा।
कई जगहों पर फंसे रहे वाहन: दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर लगे जाम का असर शहर के शंकर चौक, इफको चौक, सिग्नेचर टावर चौक, राजीव चौक व हीरो होंडा चौक पर भी दिखाई दिया। एनएच-48 पर दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली लेन पर जाम लगा होने के कारण इन सभी चौक से वाहन हाईवे पर नहीं चढ़ पा रहे थे। इस कारण सभी चौक पर वाहनों की लंबी लाइनें लगी हुई थी। वाहनों को निकालने में यातायात पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी लेकिन वाहनों के चलने की जगह नहीं होने के कारण चौक पर जमा लगा गया था।
हाईवे के लिए किया रूट डायवर्ट: दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर सड़क धंसने के बाद लगे जाम के कारण यातायात पुलिस को रूट डायवर्ट करना पड़ा। जयपुर की ओर जाने वाले वाहनों को राजीव चौक से वाहनों को गुरुग्राम-सोहना रोड से हीरो होंडा निकाला गया। वहीं, खेड़कीदौला की ओर जाने वाले वाहन चालकों को पुलिसकर्मियों द्वारा एसपीआर रोड का प्रयोग करने के लिए कहा जा रहा था। इसके अलावा गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस से संपर्क करके वाहनों को दिल्ली-जयपुर हाईवे की बजाय द्वारका एक्सप्रेसवे प्रयोग करने के लिए कहा गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने शिवमूर्ति चौक के पास से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया, ताकि दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर वाहनों के दबाव को कम किया जा सके।
इन इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम: भारी बारिश के बाद जलभराव के कारण लंबे ट्रैफिक जाम वाले इलाकों में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर, बसई, हीरो होंडा चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, राजीव चौक, वाटिका चौक, इफको चौक, उद्योग विहार, सोहना रोड, खांडसा रोड, पुरानी दिल्ली रोड, पटौदी रोड, मिलेनियम सिटी सेंटर से हीरो होंडा चौक तक की सड़क, पुराना गुरुग्राम-दिल्ली रोड, बसई रोड, पुराना रेलवे स्टेशन और नया रेलवे स्टेशन रोड शामिल हैं।
कहां कितनी हुई बारिश: एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंगलवार को गुरुग्राम में अधिकतम बारिश 82 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कादीपुर और हरसरू उप-तहसील क्षेत्रों में 82 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि गुरुग्राम तहसील क्षेत्र में 76 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा मानेसर तहसील में 50 मिमी और बादशाहपुर उप-तहसील में 15 मिमी बारिश, वजीराबाद तहसील में 49 मिमी, पटौदी में 26 मिमी, सोहना में 26 मिमी और फर्रूखनगर में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई है।




