Palwal News: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पिंगोड़ गांव में 2 करोड़ 63 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव पिंगोड़ में लगभग 2 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
पलवल: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रविवार को होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव पिंगोड़ में लगभग 2 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें एचआरडीएफ योजना के तहत लगभग 25 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, लगभग 62 लाख रुपए की लागत से गांव की फिरनी का निर्माण, लगभग 15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले रविदास भवन सहित विभिन्न समाजों की चौपालों एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।

सबका साथ-सबका विकास की भावना का प्रतीक है पिंगोड़: केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पिंगोड़ गांव सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल है, जहां सभी धर्मों एवं समाजों के लोग एक साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र की वास्तविक झलक इस गांव में दिखाई देती है। गांव के प्रत्येक समाज के लिए चौपाल, सामुदायिक भवन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य इसी भावना के साथ कराए जा रहे हैं ताकि कोई भी वर्ग विकास से वंचित न रहे।

मोदी सरकार ने गरीब, किसान और आमजन के हितों को दी सर्वोच्च प्राथमिकता:
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के साथ-साथ होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भी विशेष बजट उपलब्ध कराया है, जिसके कारण गांव-गांव में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का केंद्र बिंदु गरीब, किसान और जरूरतमंद वर्ग है। सरकार द्वारा गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा, सस्ती दवाइयां तथा किसानों को सम्मान निधि, फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य एवं प्राकृतिक आपदा की स्थिति में उचित मुआवजा जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रति बढ़ रहा है।
ग्रामीणों की अधिकांश मांगों को दी स्वीकृति: कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री, होडल के विधायक हरेंद्र सिंह तथा अन्य अतिथियों का ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर एवं पगड़ी बांधकर पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। ग्राम पंचायत द्वारा गांव के विकास से संबंधित विभिन्न मांगें केंद्रीय राज्य मंत्री के समक्ष रखी गईं। जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि गांव की ओर से जो भी विकास संबंधी मांगें रखी गई हैं, उनमें से अधिकांश मांगों को उन्होंने तत्काल मंजूरी प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि आईटीआई की स्थापना संबंधी मांग वर्तमान परिस्थितियों में संभव नहीं है, लेकिन शेष सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि सांसद निधि से 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी गांव के विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका उपयोग ग्राम पंचायत अपनी आवश्यकता के अनुसार कर सकेगी।
पिछले डेढ़ वर्ष में पिंगोड़ में हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्य : विधायक हरेंद्र सिंह:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए होडल के विधायक हरेंद्र सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से होडल विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कृष्णपाल गुर्जर गरीबों के हितैषी एवं किसानों के सच्चे हमदर्द हैं और सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्य कर रहे हैं।
विधायक ने बताया कि पिछले लगभग 17-18 महीनों के दौरान पिंगोड़ गांव में विभिन्न समाजों की चौपालों, अंबेडकर भवन, रविदास भवन, फिरनी निर्माण, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य सुविधाओं, टीन शेड तथा अन्य जनसुविधाओं सहित करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव की वर्षों पुरानी अनेक समस्याओं का समाधान कराया गया है तथा विद्युत व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने रखा विकास का प्रस्ताव, शीघ्र समाधान का मिला भरोसा: कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों ने गांव के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगें केंद्रीय राज्य मंत्री के समक्ष रखीं। कृष्णपाल गुर्जर ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, मार्किट कमेटी हसनपुर के चेयरमैन राजपाल, सरपंच सुंदर, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, जिला परिषद उपाध्यक्ष उमेश गुदराना, ब्लॉक समिति चेयरमैन अजीत सिंह, नरेंद्र सहित पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, आस-पास के गांवों के पंच-सरपचं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



