Gurugram News:"ड्रीम गर्ल" बन फांसते थे शिकार, दो नाइजीरियन गिरफ्तार
फेसबुक पर महिला बन करते थे दोस्ती, फिर फैलाते ठगी का जाल
फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर दोस्ती करने और एयरपोर्ट पर रुपये खत्म होने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
गुरुग्राम: फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर दोस्ती करने और एयरपोर्ट पर रुपये खत्म होने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम पुलिस ने जवाहर पार्क, दिल्ली से इन्हें पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
29 अप्रैल 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना साइबर अपराध मानेसर, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता को फेसबुक पर कैथलीन नाम से एक महिला का मित्र अनुरोध प्राप्त हुआ था। अनुरोध स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच वॉट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई। महिला ने खुद को यूनाइटेड किंगडम निवासी बताया और भारत आने की बात कही। 

इसके बाद शिकायतकर्ता के पास मुंबई एयरपोर्ट के सीमा शुल्क अधिकारी का फोन आया। अधिकारी ने बताया कि महिला के पास पैसे खत्म हो गए हैं और सत्यापन के लिए धनराशि की आवश्यकता है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से विभिन्न बैंक खातों में कुल 63,500 रुपये हस्तांतरित करवाकर साइबर ठगी की। इस शिकायत पर पुलिस थाना साइबर अपराध मानेसर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केल्विन ओग्बू (उम्र 35 वर्ष) निवासी लागोस राज्य, नाइजीरिया और किंग्सले एमेका ओजोबो (उम्र 35 वर्ष) निवासी अजी, नाइजीरिया के रूप में हुई है।
कैथलीन नाम से बनाई थी फर्जी फेसबुक आईडी
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में पता चला कि किंग्सले एमेका ओजोबो जनवरी 2026 में और केल्विन ओग्बू वर्ष 2025 में कारोबार वीजा पर भारत आए थे। केल्विन ओग्बू वर्ष 2023 में भी भारत आ चुका है।
आरोपियों ने कैथलीन नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। उन्होंने शिकायतकर्ता से दोस्ती की और खुद को विदेशी महिला बताकर मुंबई एयरपोर्ट पर पैसे खत्म होने और सीमा शुल्क सत्यापन का बहाना बनाया। इस तरह उन्होंने शिकायतकर्ता से विभिन्न बैंक खातों में रुपये हस्तांतरित करवाकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
पहले भी दर्ज है मामला
आरोपी केल्विन ओग्बू के विरुद्ध विदेशी अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में दिल्ली में एक मामला पहले भी दर्ज है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले का अनुसंधान जारी है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



