Nuh Mewat News: अरावली क्षेत्र में फिर अवैध खनन के आरोप, तावडू सदर थाना पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
आरोप:थाना क्षेत्र के कई गांवों में देर शाम से रात तक लगातार अवैध खनन किया जा रहा है।
जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र में स्थित अरावली क्षेत्र में एक बार फिर अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों का आरोप है कि थाना क्षेत्र के कई गांवों में देर शाम से रात तक लगातार अवैध खनन किया जा रहा है।
नूंह। जिले के तावडू सदर थाना क्षेत्र में स्थित अरावली क्षेत्र में एक बार फिर अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों का आरोप है कि थाना क्षेत्र के कई गांवों में देर शाम से रात तक लगातार अवैध खनन किया जा रहा है। कुछ दिन पहले भी इसी प्रकार की शिकायतें और सूचनाएं सामने आई थीं, जिनमें तावडू सदर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए थे। हालांकि उस समय दो मामले दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव चिला, पचगांव, खरखड़ी, मालाका तथा आसपास के अरावली क्षेत्र में शाम करीब छह बजे से रात 12 बजे तक ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से अवैध खनन किया जाता है। खनन से निकाली गई मिट्टी और पत्थरों को आसपास के फार्म हाउसों, निर्माण कार्यों तथा चारदीवारी निर्माण में उपयोग के लिए ले जाया जाता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस संबंध में कई बार पुलिस को सूचित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि क्षेत्र के कुछ लोग पुलिस और खनन गतिविधियों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुसार अवैध खनन के लिए दुर्गम और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग किया जाता है, जिससे निगरानी और कार्रवाई से बचा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण अरावली क्षेत्र के पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है।
क्षेत्र में केवल पत्थर ही नहीं बल्कि मिट्टी के अवैध खनन के आरोप भी सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत सीलखो के गांव नूरपुर की राजस्थान सीमा से सटे क्षेत्रों तथा अरावली की तलहटी में रात के समय मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इसके अलावा कुछ लोगों ने राजस्थान से आने वाले खनन सामग्री से लदे ओवरलोड वाहनों के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए हैं तथा इस मामले में जांच की मांग की है। कुल मिलाकर अवैध खनन की लगातार सामने आ रही तस्वीरों, शिकायतों और सूचनाओं से साफ है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लग पा रही है।
यह मामला मेरी संज्ञान में अभी आया है अवैध खनन करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अवैध खनन लेकर सख्त निर्देश दिए हुए है। यदि फिर भी किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध खनन होता है तो संबंधित थाना प्रभारी जिम्मेदार होगा और इसको लेकर कड़ी कार्रवाई की जएगी। : स्वयं डॉ अर्पित जैन पुलिस अधीक्षक नूह


About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



