Gurugram News: एल्विस के घर फायरिंग में उसका बिजनेस पार्टनर गिरफ्तार
अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने किया गिरफ्तार
यूट्यूबर एल्विस यादव के घर पर फायरिंग मामले में छठे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 31 साल का भविष्य दहिया रोहतक के सेक्टर-34 सनसिटी का रहने वाला है।
गुरुग्राम: यूट्यूबर एल्विस यादव के घर पर फायरिंग मामले में छठे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 31 साल का भविष्य दहिया रोहतक के सेक्टर-34 सनसिटी का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह एल्विस का बिजनेस पार्टनर है। अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।

गुरुग्राम सेक्टर-56 थाना इलाके में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की ये वारदात 17 अगस्त 2025 को दर्ज हुई थी। सुबह लगभग 5.25 बजे एल्विश यादव के घर के ग्राउंड फ्लोर व पहली मंजिल पर तीन अज्ञात हमलावरों ने गेट के बाहर व ऊपर से करीब 24 गोलियां चलाईं। वारदात के बाद बाइक सवार मौके से भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। मौके से खाली खोल बरामद किए गए। फोरेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंची।
सीसीटीवी फुटेज में हुआ था खुलासा:
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें भी हमलावर बाइक से आते हुए दिखे। फुटेज में साफ दिखा कि हमलावरों ने घर पर गोलियां चलाईं और फिर बाइक पर बैठकर वहां से निकल गए। सेक्टर-56 थाना में वारदात को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस टीमों ने जांच करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने छठे आरोपी भविष्य दहिया को गिरफ्तार किया है।
लेनदेन के विवाद में की थी फायरिंग:
आरोपी से पूछताछ में पता चला कि आरोपी भविष्य और एल्विश यादव बिजनेस पार्टनर थे। वित्तीय विवाद व रुपयों के लालच में आरोपी ने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर वारदात का प्लॉन बनाया। अन्य आरोपियों की मदद से इसने वारदात कराई। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि मामले में अब तक छह आरोपियों को हमारी टीमें गिरफ्तार कर चुकी हैं। मामले में जांच व कार्रवाई जारी है।




