Rewari News: किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उसके परिवार एवं प्रशिक्षकों का अमूल्य योगदान: आरती राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने राष्ट्रीय पदक विजेता पैरा पावर लिफ्टिंग खिलाड़ियों को किया सम्मानित
पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने अपने निवास रामपुरा हाउस पर आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा पावर लिफ्टिंग खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
रेवाड़ी: पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन आॅफ हरियाणा की अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने अपने निवास रामपुरा हाउस पर आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा पावर लिफ्टिंग खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। 23वीं राष्ट्रीय 18वीं जूनियर एवं द्वितीय सब-जूनियर राष्ट्रीय पैरा पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 15 से 18 जनवरी तक रुड़की उत्तराखंड में हुआ था।
इस प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं को 25000, रजत पदक विजेताओं को 15000 तथा कांस्य पदक विजेता को 10000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में सुधीर, अशोक, अजय, गीतिका, दीपक, मनीष, प्रदीप जून, सोमन, देवी, खुशबू एवं पायल शामिल थे।
इस अवसर पर आरती राव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उसके परिवार एवं प्रशिक्षकों का अमूल्य योगदान होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पैरा पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के चेयरमैन अभिजीत सिंह, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के संस्थापक गिरिराज सिंह, महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा, कोषाध्यक्ष पवन अधाना, कोच धर्मेंद्र एवं सतबीर, जूडों के अर्जुन अवार्ड प्राप्त यशपाल सोलंकी तथा डीएसओ गुरुग्राम आरती सोलंकी भी उपस्थित थी।

About The Author
संबंधित समाचार



