Palwal News:हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट का नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार

11.32 ग्राम अवैध हेरोइन सहित एक आरोपी गिरफ्तार, नशा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

Desh Rojana
On

हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.32 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पलवल: हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.32 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रदेशभर में ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) संजय कुमार के दिशा-निर्देशों पर नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ब्यूरो प्रमुख ने बताया कि नशे की जड़ों को समाप्त करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रदेश को नशा मुक्त बनाना हरियाणा सरकार की प्रतिबद्धता है।
 
palawal nasha

गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फरीदाबाद यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज सांगवान ने बताया कि यूनिट के सहायक उप-निरीक्षक महेंद्र अपनी टीम के साथ थाना गदपुरी क्षेत्र में गश्त एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के संबंध में मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हेरोइन बेचने की फिराक में धतीर-यादूपुर रोड क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धतीर-यादूपुर रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.32 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जल सिंह उर्फ जिले पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गांव धतीर, थाना गदपुरी, जिला पलवल के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना गदपुरी में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नशा तस्करी नेटवर्क तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन जांच कर रही है।

जन सहयोग से ही सफल होगी नशे के विरुद्ध मुहिम
यूनिट प्रभारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि किसी व्यक्ति को कहीं भी नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त अथवा इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर-1933, ऑनलाइन पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN अथवा हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और भविष्य में भी नशा तस्करों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad