Gurugram News: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए भाजपा ने बनाया मेगा प्लान
गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता और राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ की मौजूदगी में बनी कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मेगा प्लान तैयार किया है।
गुरुग्राम: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मेगा प्लान तैयार किया है। गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में शुक्रवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, मंत्री कृष्ण बेदी, मंत्री कृष्ण लाल पंवार, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता, एससी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय निर्मल और जम्मू कश्मीर से विधायक देवेंद्र पनिहार, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की और एक बड़ी कार्यशाला में आगामी समय में किए जाने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा उपस्थित कार्यकर्ताओं को समझाई।
केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से आए कार्यक्रम के अनुसार हरियाणा में भी गुरू रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक गुरू रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान आयोजित किए जांएगे।
भाजपा की योजना यह है कि गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी की पवित्र मिट्टी कलशों में भरकर हरियाणा के गांव-गांव, बस्ती-बस्ती और घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में एक विशेष 11 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है जो 26 जुलाई को वाराणसी बेगुमपुर जाकर गुरु रविदास की जन्मभूमि से विधि-विधान के साथ पवित्र मिट्टी लेकर वापस हरियाणा पहुंचेगी।

यह पवित्र कलश सबसे पहले गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर लाया जाएगा। जब समिति हरियाणा में प्रवेश करेगी तो यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कलश का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के प्रतिनिधि गुरुग्राम पहुंचकर अपने-अपने जिलों के लिए पवित्र मिट्टी से भरे कलश शीतला माता मंदिर से अपने-अपने जिलों में लेकर जाएंगे। इस काम को और भव्य बनाने के लिए वाराणसी से लाए जाने वाले कलश को रथ में रखकर यात्रा निकाली जाएगी। इसी तरीके से बाद में जिलों से आने वाले भाजपा प्रतिनिधि भी पवित्र कलश को भव्य रथों में रखकर अपने अपने जिलों में पहुंचेंगे। जिला स्तर से यही प्रक्रिया मंडलों तक और फिर मंडलों से गांवों तक अपनाई जाएगी। मंडल स्तर के कार्यकर्ता कलश को अपने क्षेत्रों में ले जाएंगे, जहां से यह पवित्र मिट्टी गांव-गांव, बस्ती-बस्ती और घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि भाजपा का उद्देश्य गुरु रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

भाजपा सरकार गुरु रविदास के समरस समाज के विचार को व्यवहार में उतारने के लिए प्रतिबद्ध है; नायब सैनी:
कार्यशाला में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु रविदास की 650वीं जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का महाअभियान होगी। इसके लिए पूरे प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि हरियाणा का यह आयोजन देशभर में एक मिसाल बन सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का 650वां प्रकाश पर्व मनाना पूरे हरियाणा के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ऐतिहासिक होगा और सामाजिक समरसता, समानता तथा मानवता के संदेश को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महान समाज सुधारक, मानवता के पुजारी और सामाजिक न्याय के अग्रदूत थे, जिनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि वाराणसी से आने वाली कलश यात्रा का हरियाणा में भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में 124 करोड़ रुपये की लागत से गुरू रविदास का भव्य धाम बनाया जा रहा है। इस धाम में गुरू रविदास की भव्य और दिव्य मूर्ति भी स्थापित की जाएगी।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल इंजन सरकार महापुरुषों के सम्मान और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में संत कबीरदास, भगवान वाल्मीकि और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी राज्य स्तर पर पूरे सम्मान के साथ मनाई जा रही है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी कार्यकर्ता गुरुओं का आशीर्वाद लें: डा. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सभी कार्यकर्ता गुरु रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समरस एवं सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें और पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाएं। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सभी कार्यकर्ता संत-महात्माओं और गुरुओं के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लें, उनके साथ बैठकर संवाद करें तथा गुरु रविदास जयंती से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के दिन रविदास मंदिरों सहित अन्य मंदिरों में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाए, ताकि समाज में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश पहुंचे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मंडल स्तर तक सभी कार्यकर्ता सक्रिय होकर अभियान को उत्सव के रूप में मनाएं। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास की जन्म स्थली से वाराणसी से पवित्र मिट्टी लाई जाएगी। पवित्र मिट्टी से भरे कलश गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर में रखे जाएंगे। यहां से सभी 27 कलशों में पवित्र मिट्टी भरकर सभी जिलों के प्रतिनिधियों को दी जाएगी। उन्होंने प्रत्येक जिले में संत समाज के साथ बैठकें आयोजित करने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा संत समाज के सम्मान और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस तरह से रहेंगे कार्यक्रम:
राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरूण चुघ ने कार्यशाला में बताया कि 29 जुलाई को गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से अभियान का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में कलश पूजन, समरसता संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देशभर में गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान के तहत गुरु रविदास के मंदिरों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प तथा स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। 29 जुलाई से 6 अगस्त प्रदेश स्तरीय कलश वितरण कार्यक्रम प्रदेश की राजधानियों अथवा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर संत सम्मेलन, समरसता संगोष्ठी, कलश पूजन एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे।
6 अगस्त तक जिला टीमों को कलश वितरित किए जाएंगे
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान संतों, महंतों, गुरुओं और डेरा प्रमुखों से व्यक्तिगत भेंट कर उन्हें अभियान की जानकारी दी जाएगी। तरूण चुघ ने कहा कि 7 अगस्त से 14 अगस्त तक जिला स्तर पर कलश वंदन अभियान आयोजित होगा। प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर कलश वंदन, संत सम्मेलन, समाज संपर्क और समरसता कार्यक्रम होंगे।
राष्ट्रीय महामंत्री ने बताया कि 17 अगस्त से 10 सितंबर तक स्थानीय मंदिरों में कलश पूजन, सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन-कीर्तन, संत सम्मान, प्रसाद वितरण और भंडारे आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को स्थानीय मंदिरों की मिट्टी में विधिवत मिलाया जाएगा।
5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्राएं निकाली जाएगी। प्रस्तावित यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
तरूण चुघ ने बताया कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें गुरु रविदास महाराज के चित्र एवं प्रेरक संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके जीवन, विचार और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराया जाएगा। प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श सत्र आयोजित होंगे, विद्यार्थियों के सुझाव लिए जाएंगे और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक संवाद किया जाएगा। गुरुग्राम पहुंचे सभी नेताओं का जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने स्वागत किया।

About The Author
संबंधित समाचार



