Mewat/ Hathin News: हवालात में युवक की मौत की कांग्रेस नेता मेहताब अहमद ने की न्यायिक जांच की मांग
पलवल जिले के उटावड़ थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मेवात/हथीन: पलवल जिले के उटावड़ थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। गांव मलाई निवासी 25 वर्षीय सैफ पुत्र नुरुद्दीन की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन, कांग्रेस नेता और हथीन के डीएसपी रतन दीप बाली मौके पर पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद के छोटे भाई व पीसीसी सदस्य महताब अहमद ने मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई।
महताब अहमद ने कहा कि परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार यह मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसे कस्टोडियल डेथ मानते हुए न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी होने तक उटावड़ थाना प्रभारी सहित पूरे स्टाफ का तत्काल तबादला किया जाए, ताकि कोई भी साक्ष्य प्रभावित न हो सके।
वहीं उटावड़ थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, सैफ को चोरी के एक मामले में पुलिस थाने लाई थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे उसका शव हवालात में फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने ओढ़ने के लिए दी गई चादर को फाड़कर फंदा बनाया और हवालात में लगे एंगल से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम पलवल के नागरिक अस्पताल में मजिस्ट्रेटी निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद नागरिक अस्पताल में सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरे मामले की लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

About The Author
संबंधित समाचार



