Palwal News: पृथला क्षेत्र की बदहाल सडक़ों और जलभराव पर गरजे विधायक रघुबीर तेवतिया

विधायक तेवतिया बोले— विपक्ष में हूं, लेकिन पृथला के हक की आवाज कभी दबने नहीं दूंगा

Desh Rojana
On

पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक चौधरी रघुबीर तेवतिया ने शुक्रवार को पलवल जिला सचिवालय में आयोजित जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की मौजूदगी में पृथला क्षेत्र की बदहाल सडक़ों, जलभराव, रोडवेज बसों की समस्या, अधूरे विकास कार्यों और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया।

पलवल: पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक चौधरी रघुबीर तेवतिया ने शुक्रवार को पलवल जिला सचिवालय में आयोजित जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की मौजूदगी में पृथला क्षेत्र की बदहाल सडक़ों, जलभराव, रोडवेज बसों की समस्या, अधूरे विकास कार्यों और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी तीखे सवाल खड़े किए और कहा कि विधानसभा से लेकर पूर्व की ग्रीवेंस कमेटी बैठकों तक बार-बार मुद्दे उठाने के बावजूद संबंधित अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

Raghubeer tewatia mla prithla
रघुबीर तेवतिया, विधायक पृथला।

 

क्षेत्र के साथ लगातार किया जा रहा है सौतेला व्यवहार 

विधायक तेवतिया ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास का दावा करती है, लेकिन पृथला विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति इस दावे की वास्तविकता उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसके कारण जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान है।
बैठक में उन्होंने पलवल रेलवे पुल से अलावलपुर तक जर्जर सडक़, अलावलपुर में लगातार जलभराव तथा सडक़ के दोनों ओर चौड़ी नालियां बनाने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही अलावलपुर-सदरपुर-बढऱाम-गोपीखेड़ा-चिरवाड़ी मार्गों के पुनर्निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग रखी।

सडक़ निर्माण के साथ दोनों ओर चौडी नालियां बनाने की मांग

विधायक रघुबीर तेवतिया ने नेशनल हाईवे-19 से पृथला, दूधौला, धतीर, ततारपुर, जटौला और देवली को जोडऩे वाली सडक़ों की अत्यंत खराब स्थिति का मुद्दा भी मंत्री के समक्ष रखा। विधायक ने कहा कि इन मार्गों पर बड़ी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। साथ ही देश के प्रतिष्ठित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग भी यही है। इसके बावजूद सडक़ें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बरसात में भारी जलभराव बना रहता है। उन्होंने तत्काल सडक़ निर्माण के साथ दोनों ओर चौडी नालियां बनाने की मांग की।

हरियाणा रोडवेज की बस सेवाओं का मुद्दा

विधायक तेवतिया ने हरियाणा रोडवेज की बस सेवाओं का मुद्दा भी मजबूती से उठाते हुए कहा कि आल्हापुर, बघौला और पृथला में फ्लाईओवर बनने के बाद अधिकांश बसें ऊपर से गुजर जाती हैं, जिससे ग्रामीण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने मांग की कि सभी रोडवेज बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे बने ग्रामीण बस स्टॉपों से किया जाए, ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके। वहीं उन्होंने बघौला की सर्विस रोड की जर्जर स्थिति, नया गांव से जनौली मार्ग के बीचों-बीच बनी सीवर लाइन, खुले सीवर ढक्कनों और सडक़ पर बने गहरे गड्ढों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन को सडक़ के किनारे स्थानांतरित कर सडक़ का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठाए गंभीर सवाल 

बैठक में विधायक रघुबीर तेवतिया ने कुरारा, साहुपुरा और डाढ़ौता सहित विभिन्न गांवों में 6 करम चौड़े रास्तों को पक्का करने तथा चार और पांच करम चौड़े उन मार्गों का भी निर्माण कराने की मांग की, जिन्हें मार्केटिंग बोर्ड से जिला परिषद को हस्तांतरित किया गया है। उन्होंने गांव भुर्जा में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए सडक़ के दोनों ओर नालियां बनाकर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग भी रखी।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी विधायक रघुबीर तेवतिया ने सरकार और अधिकारियों से सीधे सवाल किए। उन्होंने कहा कि नई बनी सडक़ें मात्र तीन-चार महीने में ही टूट जाती हैं, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि निर्माण एजेंसियों और संबंधित ठेकेदारों की कार्यप्रणाली की विजिलेंस जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के उपरांत पत्रकारों से रूबरू होते हुए विधायक रघुबीर तेवतिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे भले ही विपक्ष के विधायक हों, लेकिन पृथला की जनता के अधिकारों और विकास से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी और जनता की आवाज को सडक़ से लेकर विधानसभा तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad