Faridabad News: एसआईआर अभियान को लेकर निर्वाचन रोल ऑब्जर्वर ने ली समीक्षा बैठक
एएसडीडी का डाटा ईआरओ के माध्यम से बीएलए-1 को पूर्व में कराया जा चुका है उपलब्ध
जिला फरीदाबाद के निर्वाचन रोल ऑब्जर्वर एवं फरीदाबाद मंडल के मंडलायुक्त संजय जून ने आज जिला में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
फरीदाबाद: जिला फरीदाबाद के निर्वाचन रोल ऑब्जर्वर एवं फरीदाबाद मंडल के मंडलायुक्त संजय जून ने आज जिला में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
.jpeg)
बैठक में बताया गया कि राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी तथा हार्ड कॉपी उपलब्ध करवाई जा चुकी है। इसके साथ ही एएसडीडी (ASDD) का डाटा भी संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (EROs) के माध्यम से बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA-1) को उपलब्ध करवाया जा चुका है। यह डाटा बीएलओ के रिमार्क्स के साथ अपलोड किया गया है।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर अभियान से संबंधित अपनी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से मंडलायुक्त संजय जून को अवगत करवाया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों द्वारा रखी गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि एसआईआर प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंडलायुक्त संजय जून ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने स्तर पर बीएलए-2 की नियुक्ति भी जल्द से जल्द करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति किए जाने से एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा अधिकारियों और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में यदि किसी मतदाता के नाम, पते अथवा अन्य विवरण में त्रुटि है, तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ठीक करवाया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्रुटियों के सुधार के लिए आधार कार्ड को भी एक सहायक दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
निर्वाचन रोल ऑब्जर्वर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर अभियान के तहत सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, एचएचवीपी एस्टेट अधिकारी नवीन कुमार, सीटीएम अंकित कुमार, बीजेपी से मनीष गुलाटी, अश्विनी गुलाटी, सीपीएम पार्टी से वीरेंद्र सिंह डंगवाल, बीएसपी कमल दत्त गौतम, जेजेपी से प्रेम सिंह धनकड़, निर्दलीय प्रशांत कौशिक सहित इंडियन नेशनल लोकदल के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



