Nuh Mewat News: लहरवाड़ी हत्याकांड में मुख्य आरोपी मोहम्मद कैश गिरफ्तार, चार दिन के पुलिस रिमांड पर

पुरानी रंजिश में अजहरुद्दीन की गोली मारकर हुई थी हत्या, बाकी आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर पुलिस की दबिश

Desh Rojana
On

 नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के थाना सदर क्षेत्र के गांव लहरवाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई अजहरुद्दीन हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद कैश पुत्र माजिद, निवासी लहरवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, हथियार और हत्या की पूरी साजिश से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

मेवात: नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के थाना सदर क्षेत्र के गांव लहरवाड़ी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई अजहरुद्दीन हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद कैश पुत्र माजिद, निवासी लहरवाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, हथियार और हत्या की पूरी साजिश से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

WhatsApp Image 2026-08-20 at 10.48.10 PM

पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया है।

पुरानी रंजिश में हुई थी अजहरुद्दीन की हत्या: गौरतलब है कि सोमवार शाम गांव लहरवाड़ी में करीब 28 वर्षीय अजहरुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय परिवार के चार-पांच बच्चे गांव में खेल रहे थे। इसी दौरान हथियारों से लैस कई युवक वहां पहुंचे और अजहरुद्दीन को गोली मार दी।

आरोप है कि हमलावरों ने मौके पर मौजूद बच्चों पर भी लाठी-डंडों से हमला किया। बच्चे किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। गोली लगने के बाद परिजन अजहरुद्दीन को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव मंडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल भेजा गया था। वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

2018 की हत्या से जुड़ी बताई जा रही रंजिश: पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे करीब आठ साल पुरानी रंजिश बताई जा रही है। 3 अगस्त 2018 को गांव में वसीम नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में अजहरुद्दीन को मुख्य आरोपी बनाया गया था और उसके खिलाफ अन्य लोगों के साथ मुकदमा दर्ज हुआ था।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच इससे पहले पलवल जिले में एक चुनावी रैली के दौरान हुई मारपीट तथा जमीन को लेकर भी विवाद चला आ रहा था। अजहरुद्दीन इस पुराने हत्या मामले में जमानत पर बाहर आया हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक, 2018 में वसीम की हत्या के समय उसका भाई नाबालिग था। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या पुरानी रंजिश और बदले की भावना इस हत्या की वजह बनी।


एक दर्जन नामजद समेत 26 के खिलाफ केस: थाना सदर पुन्हाना पुलिस ने मृतक के भाई सद्दीक की शिकायत पर करीब एक दर्जन नामजद सहित कुल 26 आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी मोहम्मद कैश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है। पुलिस की टीमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

थाना प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। मुख्य आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे पूछताछ के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों तथा घटना में इस्तेमाल हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad