Punhana/Mewat News: पुन्हाना की बदलेगी तस्वीर: 25 जुलाई को सीएम नायब सैनी की जनसभा, विधायक इलियास ने रख दिया विकास का बड़ा खाका

26 नई सड़कें, 100 बेड का अस्पताल, मेवात विश्वविद्यालय, दो औद्योगिक मॉडल टाउन समेत दर्जनों बड़ी मांगें; विधायक की ओर से बेटे एडवोकेट जावेद ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर दिया पुन्हाना आने का न्योता

Desh Rojana
On

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 25 जुलाई को प्रस्तावित पुन्हाना दौरे से पहले क्षेत्र की राजनीति और विकास को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।

पुन्हाना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 25 जुलाई को प्रस्तावित पुन्हाना दौरे से पहले क्षेत्र की राजनीति और विकास को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले पुन्हाना से विधायक एवं पूर्व मंत्री चौधरी मोहम्मद इलियास ने क्षेत्र की कायापलट के लिए सरकार के सामने विकास का बड़ा खाका रख दिया है। विधायक की ओर से उनके बेटे एडवोकेट जावेद ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर उन्हें पुन्हाना आने का न्योता दिया और सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, बिजली, खेल और रोजगार से जुड़ी बड़ी मांगों के प्रस्ताव सौंपे।227528
 
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले रखी गई इन मांगों में 26 नई सड़कें, पुन्हाना में 100 बिस्तरों का उपमंडलीय अस्पताल, पुन्हाना या पिनगवां में मेवात विश्वविद्यालय और पुन्हाना व पिनगवां में दो औद्योगिक मॉडल टाउन सबसे प्रमुख हैं। इसके अलावा सरकारी विधि महाविद्यालय, सह-शिक्षा महाविद्यालय, सरकारी पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कृषि महाविद्यालय और तकनीकी शिक्षा के विस्तार की मांग भी सरकार के सामने रखी गई है।
सड़कों से बदलेगी गांवों की तस्वीर
विधायक इलियास ने छह करम या उससे अधिक चौड़े राजस्व रास्तों पर 26 नई सड़कें बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा होडल-पुन्हाना-नगीना, उटावड़-शिकरावा-भादस और पुन्हाना से राजस्थान सीमा की ओर जाने वाले कई प्रमुख मार्गों को चौड़ा और चार लेन करने की मांग उठाई गई है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की पात्र सड़कों को लोक निर्माण विभाग के अधीन लाने की मांग भी की गई है, ताकि उनका बेहतर रखरखाव और विस्तार हो सके।
100 बेड का अस्पताल, स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े बदलाव की मांग
स्वास्थ्य क्षेत्र में सबसे बड़ी मांग पुन्हाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बिस्तरों वाले उपमंडलीय अस्पताल में बदलने की है। इसके साथ बिछोर और शिकरावा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देने तथा पुन्हाना में बनकर तैयार एएनएम प्रशिक्षण स्कूल में पढ़ाई शुरू कराने की मांग रखी गई है। नए स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी पूर्व घोषणाओं को भी धरातल पर उतारने का आग्रह किया गया है।
 
मेवात विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा की नई उम्मीद
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पुन्हाना या पिनगवां में मेवात विश्वविद्यालय स्थापित करने की बड़ी मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी गई है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय में विज्ञान, कला, वाणिज्य, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, कानून, कृषि, जनस्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे विषय शुरू करने का प्रस्ताव है। इसके साथ पुन्हाना में सरकारी विधि महाविद्यालय और सरकारी सह-शिक्षा महाविद्यालय खोलने की भी मांग की गई है।
 
दो औद्योगिक मॉडल टाउन से रोजगार पर जोर
क्षेत्र से बेरोजगारी और पलायन कम करने के लिए पुन्हाना और पिनगवां में एक-एक औद्योगिक मॉडल टाउन स्थापित करने की मांग रखी गई है। विधायक का मानना है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नजदीक होने के बावजूद नूंह जिला औद्योगिक विकास में पीछे है। दोनों औद्योगिक मॉडल टाउन बनने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र में निवेश के नए अवसर मिल सकते हैं।
 
रेलवे लाइन से नमो भारत तक का प्रस्ताव
विकास के इस एजेंडे में गुरुग्राम से नूंह, पुन्हाना और फिरोजपुर झिरका होते हुए अलवर तक रेलवे लाइन की मांग भी शामिल है। इसके अलावा दिल्ली से नूंह, पुन्हाना और भरतपुर होते हुए आगरा तक नमो भारत गलियारे का प्रस्ताव भी रखा गया है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मरोड़ा के पास इंटरचेंज, नूंह-पुन्हाना-भरतपुर एक्सप्रेसवे और प्रमुख सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग भी की गई है।
 
बिजली से खेल तक, हर क्षेत्र को एजेंडे में जगह
बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए शाहचौखा और नाई-बिछोर-सिंगार क्षेत्र में नए 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र, पिनगवां शहरी फीडर को दो हिस्सों में बांटने, नए ट्रांसफार्मर लगाने, खंभे और तार उपलब्ध कराने तथा घरों के ऊपर से गुजर रही उच्च तनाव लाइनों को स्थानांतरित करने की मांग रखी गई है।
खेल क्षेत्र में पिनगवां के मौजूदा खेल परिसर को सरकारी खेल विद्यालय के रूप में विकसित करने और उपमंडल स्तरीय आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं पिनगवां आईटीआई में ड्राफ्ट्समैन (सिविल) ट्रेड शुरू करने की मांग भी शामिल है।
कृषि और पशुपालन को लेकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास आजादपुर मंडी की तर्ज पर विश्वस्तरीय फल एवं सब्जी मंडी, पिनगवां के प्याज केंद्र को सरकारी कृषि महाविद्यालय के रूप में विकसित करने और पुन्हाना में सरकारी पशु चिकित्सा महाविद्यालय खोलने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गई है।
 
अब 25 जुलाई पर टिकीं निगाहें
विधायक चौधरी मोहम्मद इलियास की ओर से रखे गए विकास एजेंडे में पुन्हाना और नूंह जिले के लगभग हर बड़े मुद्दे को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 जुलाई को पुन्हाना में जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसे में अब पूरे क्षेत्र की निगाहें मुख्यमंत्री के दौरे पर टिक गई हैं। लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से विकास की बड़ी परियोजनाओं का इंतजार कर रहे पुन्हाना को मुख्यमंत्री के दौरे में महत्वपूर्ण घोषणाओं और नई सौगातों का रास्ता खुल सकता है।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad