Gurugram News: महिला आयोग की चेयरपर्सन बनने के बाद पैतृक गांव मौजबाद पहुंची उषा प्रियदर्शी
उषा बोली, उनका केवल बेटी का नहीं गांव से संस्कारों, मूल्यों और प्रेरणा का रिश्ता
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन बनने के बाद उषा प्रियदर्शी पहली बार अपने पैतृक मौजाबाद पहुंची। यहां ग्रामीणों ने अपनी बेटी का पलकें बिछाकर स्वागत किया।
गुरुग्राम: हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन बनने के बाद उषा प्रियदर्शी पहली बार अपने पैतृक मौजाबाद पहुंची। यहां ग्रामीणों ने अपनी बेटी का पलकें बिछाकर स्वागत किया। गांव की ओर से आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में गांव की समस्त सरदारी, बुजुर्गों, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं ग्रामवासियों ने आत्मीयता और उत्साह के साथ स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में अपनापन, सम्मान और पारिवारिक स्नेह का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर शेर सिंह सैनी, प्रद्युम्न नंबरदार, रोशनलाल प्रधान, ईश्वर नंबरदार, बदलू राम, बलवंत सैनी (पूर्व सरपंच), लल्लूराम (पूर्व सरपंच), श्रीकृष्ण कौशिक, धनीराम, सुंदरलाल, प्रदीप शर्मा तथा उषा शर्मा (पूर्व सरपंच) सहित अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उषा प्रियदर्शी का अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उषा प्रियदर्शी ने कहा कि पैतृक ग्राम से जुड़ाव केवल रिश्तों का नहीं, बल्कि संस्कारों, मूल्यों और प्रेरणा का भी होता है। अपने गांव के बुजुर्गों का स्नेह और आशीर्वाद, मातृशक्ति का विश्वास तथा युवा साथियों का उत्साह उनके लिए सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी मिली है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करेंगी तथा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही सशक्त और सुरक्षित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। इसी उद्देश्य के साथ हरियाणा राज्य महिला आयोग प्रदेश की प्रत्येक महिला तक न्याय और सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनसेवा और महिला सशक्तिकरण के लिए उनका समर्पण निरंतर इसी प्रकार बना रहेगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



