Firozepur Jhirka News: 10 दिनों से खराब पड़ी पेयजल मोटर, पानी के संकट से जूझ रहे रावली के ग्रामीण
फिरोजपुर झिरका खंड के गांव रावली में पिछले लगभग 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति की मोटर खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फिरोजपुर झिरका: फिरोजपुर झिरका खंड के गांव रावली में पिछले लगभग 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति की मोटर खराब होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोटर खराब होने से गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

ग्रामीण समाजसेवी सद्दाम हुसैन रावली, रफीक, कमरूद्दीन, आस मोहम्मद, फकरुद्दीन, राशिद, आसीद खान, उमर मोहम्मद, हारून सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को कई बार मोटर खराब होने की सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक इसे ठीक कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज के स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। कई परिवार निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करने को मजबूर हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की है कि खराब पड़ी मोटर को तत्काल बदलकर या मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

About The Author
संबंधित समाचार



