Palwal News : जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान करें सुनिश्चित : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने समाधान शिविर में सुनीं जन समस्याएं
हरियाणा सरकार की जनहितकारी पहल ‘होगा हर समस्या का समाधान’ के तहत उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पलवल। हरियाणा सरकार की जनहितकारी पहल ‘होगा हर समस्या का समाधान’ के तहत उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन को विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का एक ही स्थान पर निवारण करने की सुविधा उपलब्ध कराना है। 
उपायुक्त डा. छिल्लर ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकल्याणकारी प्रशासन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समाधान शिविर में भूमि संबंधी विवाद, परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व, बिजली, पेयजल, राशन कार्ड तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त डा. छिल्लर ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का परिचय दें तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर केवल शिकायत सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जन विश्वास को मजबूत करने और प्रशासन को अधिक प्रभावी एवं उत्तरदायी बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। इस अवसर पर नगराधीश प्रीति रावत, डीएसपी अनिल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



