Gurugram News: कांग्रेस के सुंदरकांड पाठ पर भाजपा का पलटवार, बताया पब्लिसिटी स्टंट
पूर्व सूचना देकर आते तो भाजपा कार्यकाल में होता भव्य स्वागत एवं सुंदरकांड पाठ : त्यागी
कांग्रेस के सुंदरकांड पाठ पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने इसे महज एक ड्रामा और कोरा पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। गुरुग्राम भाजपा अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने इस विषय पर पत्रकार वार्ता भी की।
गुरुग्राम: कांग्रेस के सुंदरकांड पाठ पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने इसे महज एक ड्रामा और कोरा पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। गुरुग्राम भाजपा अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने इस विषय पर पत्रकार वार्ता भी की। उन्होंने कांग्रेस के भाजपा कार्यालय में जबरन घुसने के घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी ओछी मानसिकता, राजनीतिक नौटंकी और आस्था के नाम पर सस्ती राजनीति करने का प्रयास किया है। त्यागी ने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक रामसेतु के अस्तित्व पर प्रश्न उठाए और भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने वाले हलफनामे एवं बयान दिए, वही कांग्रेस आज भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीतिक नौटंकी करने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह दोहरा चरित्र देश और समाज के सामने उजागर हो चुका है। भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम का उपयोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

त्यागी ने कहा कि गत दिवस उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट रूप से कहा था कि यदि कांग्रेस वास्तव में श्रद्धा और आस्था की भावना से भाजपा जिला कार्यालय गुरु कमल में सुंदरकांड का पाठ करना चाहते हैं तो भारतीय जनता पार्टी उनका खुले मन से स्वागत करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक स्टंट या प्रचार का माध्यम नहीं होना चाहिए। त्यागी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करती है। यदि कांग्रेस के नेता पूर्व सूचना देकर, बिना किसी राजनीतिक उद्देश्य और केवल श्रद्धा की भावना से आते तो भाजपा परिवार उनका आत्मीय स्वागत करता तथा सभी मिलकर सुंदरकांड पाठ एवं शांति प्रार्थना का आयोजन करते। लेकिन कांग्रेस ने आस्था को भी राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम बनाने का प्रयास किया जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। इस प्रेसवार्ता में जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी, जिला प्रवक्ता रमेश बेनीवाल एवं नेहा वत्स मौजूद रही।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



