Narnaul News: भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में किया बदलाव
बीएलओ अब 24 जुलाई तक घर-घर जाकर करेंगे गणना प्रपत्र एकत्र
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि नए कार्यक्रम के तहत अब बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की अवधि 24 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।
नारनौल: भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव किया गया है।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि नए कार्यक्रम के तहत अब बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की अवधि 24 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं अथवा ऑनलाइन माध्यम से स्वयं भरकर प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करते हुए डिजिटाइजेशन कार्य को तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही इस कार्य में राजनीतिक दलों के बीएलए का भी सहयोग लिया जाए।

उन्होंने बताया कि योग्य नागरिक अपने दावों और आपत्तियों को दर्ज करा सकेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एक त्रुटिहीन और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। नए कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्गठन का कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन होगा।
प्रारूप प्रकाशन के पश्चात 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक की अवधि में नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इन सभी प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा प्रशासन द्वारा 28 सितंबर 2026 तक सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को इस संशोधित कार्यक्रम के बारे में सूचित कर दिया गया है। सभी राजनीतिक दलों को भी इस नए कार्यक्रम की लिखित सूचना भेजी जा रही है, ताकि प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे और आगामी 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सुचारू रूप से किया जा सके।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



