Narnaul News: जापान से लौटे छात्र ध्रुव गौतम का राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भव्य स्वागत

Desh Rojana
On

राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल में मंगलवार को सकुरा साइंस एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जापान यात्रा कर लौटे कक्षा 12वीं विज्ञान के छात्र ध्रुव गौतम के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया।

नारनौल: राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल में मंगलवार को सकुरा साइंस एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जापान यात्रा कर लौटे कक्षा 12वीं विज्ञान के छात्र ध्रुव गौतम के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने छात्र और उसके माता-पिता का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए भव्य शोभायात्रा निकाली। जिला शिक्षा अधिकारी डा. विश्वेश्वर कौशिक, खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज, विद्यालय प्रबंधन समिति और प्राचार्या प्रोमिला यादव ने ध्रुव का पुष्पगुच्छ एवं फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने बैंड की अगुवाई में मार्च पास्ट करते हुए ध्रुव को समारोह स्थल तक पहुंचाया।
 
dhruv
 
समारोह में ध्रुव गौतम ने जापान यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां विज्ञान, प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नवाचार से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को करीब से जानने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान नोबेल पुरस्कार विजेताओं और विज्ञान अनुसंधानकर्ताओं से संवाद कर नई जानकारियां प्राप्त कीं, जो उनके भविष्य के लिए बेहद प्रेरणादायक रहेंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने ध्रुव को बधाई देते हुए कहा कि उसकी उपलब्धि जिले और विद्यालय दोनों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से ध्रुव से प्रेरणा लेकर विज्ञान एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय द्वारा लगातार उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने पर प्राचार्या और पूरे स्टाफ की टीम भावना की सराहना की। खंड शिक्षा अधिकारी पवन भारद्वाज ने भी ध्रुव, उसके अभिभावकों और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
प्राचार्या प्रोमिला यादव ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ध्रुव की सफलता पर प्रसन्नता जताई तथा विज्ञान विषय के प्राध्यापकों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन भौतिकी प्रवक्ता राज सिंह यादव ने किया। समारोह के अंत में ध्रुव गौतम और उसके माता-पिता ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला विज्ञान विशेषज्ञ रविंद्र कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा रेखा यादव सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad