Palwal News: प्रधानमंत्री 17 जुलाई को देश को देंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात
जिला जींद में आयोजित होने वाले समारोह का पलवल में वर्चुअल माध्यम से होगा सीधा प्रसारण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार 17 जुलाई को हरियाणा प्रदेश के जिला जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
पलवल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार 17 जुलाई को हरियाणा प्रदेश के जिला जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ऐतिहासिक पहल भारतीय रेलवे के हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री जिला जींद में आयोजित होने वाले भव्य समारोह हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे, जबकि इसका सीधा प्रसारण वर्चुअल माध्यम से जिला पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडौर स्टेडियम सहित हरियाणा के अन्य सभी जिलों में किया जाएगा।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला पलवल में वर्चुअल माध्यम से आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थल की रूपरेखा, मंच व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
.jpeg)
उपायुक्त डा. छिल्लर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आने वालों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम में लाडो लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, हेप्पी कार्ड योजना, स्वयं सहायता समूहों लाभार्थियों की अधिक से अधिक भागाीदारी करने के निर्देश दिए।
इलेक्ट्रिक व सीएनजी वाहनों का प्रयोग कर पहुंचे कार्यक्रम स्थल तक : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन का शुभारंभ भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और हरित और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भविष्य में स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन प्रणाली के विकास को भी नई गति मिलेगी। यह परियोजना भारत को हरित परिवहन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले नागरिकों सहित अधिकारियों से भी आह्वान किया कि वे कार्यक्रम में सहभागिता करने के लिए डीजल, पेट्रोल वाहनों का त्याग कर पैदल, ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिेक व सीएनजी वाहन से आएं ताकि हरित और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिले।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेन्द्र कुमार, एसडीएम होडल बलीना, एसडीएम हथीन हरिराम, नगराधीश प्रीति रावत, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अरोड़ा, महाप्रबंधक हरियाणा रोडवेज पलवल जितेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य सबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



