Rewari News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों से किया वर्चुअल संवाद
लघु सचिवालय में डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में वर्चुअल कार्यक्रम किया आयोजित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम (वीवीवीपी) के अंतर्गत देशभर के 245 जिलों के 403 प्रतिभागियों के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया।
रेवाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम (वीवीवीपी) के अंतर्गत देशभर के 245 जिलों के 403 प्रतिभागियों के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। जिला में इस वर्चुअल संवाद में जुड़ने के लिए लघु सचिवालय से डीसी अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिले से कार्यक्रम की प्रतिभागी खुशबू यादव ने भी सहभागिता की। इसके साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग से मेरा युवा भारत के 20 स्वयंसेवकों ने जिला सचिवालय, रेवाड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने प्रतिभागियों से सीमावर्ती गांवों में उनके अनुभव, वहां की संस्कृति, स्थानीय लोगों के साथ उनके जुड़ाव तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के विकास एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के उपरांत डीसी अभिषेक मीणा ने रेवाड़ी जिले की प्रतिभागी खुशबू यादव से विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के दौरान उनके अनुभव साझा करने को कहा। उन्होंने सीमावर्ती गांवों के जनजीवन, वहां की परिस्थितियों तथा स्थानीय संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने मेरा भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को उपलब्ध हो रहे विभिन्न अवसरों की भी जानकारी ली तथा जिले के अधिक से अधिक युवाओं से मेरा भारत से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभागी ख़ुशबू यादव को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर खुशबू यादव ने कार्यक्रम के दौरान प्राप्त अपने अनुभव सभी स्वयंसेवकों के साथ साझा किए। उन्होंने कहा कि विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम ने उन्हें देश के सीमावर्ती क्षेत्रों की संस्कृति, जीवनशैली एवं चुनौतियों को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए मेरा भारत युवा मंच के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, मेरा भारत सुमित यादव तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सचिन पंडित आदि उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



