Palwal News :कारगिल विजय दिवस पर केसीएम वर्ल्ड स्कूल में ‘ऑपरेशन विजय’ विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन
केसीएम वर्ल्ड स्कूल, पलवल में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में ‘ऑपरेशन विजय’ विषय पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
पलवल। केसीएम वर्ल्ड स्कूल, पलवल में कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में ‘ऑपरेशन विजय’ विषय पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, वीर सैनिकों के प्रति सम्मान तथा देशसेवा की भावना का विकास करना था। विद्यार्थियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की शिक्षिकाओं ज्योति शर्मा एवं नेहा शर्मा के द्वारा प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल भारद्वाज को स्मृति चिह्न प्रदान करने के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा सातवीं की छात्रा युक्ति ने दिन का प्रेरक विचार प्रस्तुत किया तथा कृतिका ने दिन का शब्द बताया।
सभा का मुख्य आकर्षण ‘मैं भारत का जवान हूँ’ विषय पर आधारित भूमिका-प्रस्तुति रही। कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अत्यंत भावपूर्ण चित्रण कर उपस्थित सभी का मन मोह लिया। इसके बाद पार्थ ने कारगिल के वीर सैनिकों को समर्पित प्रेरणादायक वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से उनके शौर्य और बलिदान को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। इसके पश्चात चार्वी एवं देवांशी ने देशभक्ति पर आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऋषुल ने सभी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प दिलाया।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या पारुल भारद्वाज ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें देश के वीर सैनिकों के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा देशप्रेम की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच का संचालन काव्या, कार्तिक व तनिष्का भारद्वाज द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। विशेष प्रार्थना सभा ने विद्यार्थियों के मन में भारतीय सेना के प्रति सम्मान तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भाव और अधिक प्रबल किया।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



