Gurugram News: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की कमान, अध्यक्ष नियुक्त
हबलू नंबरदार के नेतृत्व में बधाई देने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, समर्थकों ने जताई खुशी
पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की नई गवर्निंग बॉडी का रविवार को गठन किया गया। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पुत्री आरती राव को पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की कमान सौंपी गई है।
गुरुग्राम: पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की नई गवर्निंग बॉडी का रविवार को गठन किया गया। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पुत्री आरती राव को पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की कमान सौंपी गई है। उन्हें सर्वसम्मति से एसोसिएशन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मालूम हो कि आरती राव खुद भी एक अंतर्राष्ट्रीय शूटर रह चुकी है। कई बड़े खेल आयोजनों में उन्होंने देश का प्रतिनित्व करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। उनकी नियुक्ति पर पूर्व गुरुग्राम के पूर्व मेयर विमल यादव और जिला पार्षद वीरेंद्र यादव उर्फ हबलू नंबरदार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पंचकुला पहुंचकर आरती राव को बधाई दी। इस नियुक्ति पर उनके समर्थकों ने खुशी जाहिर की है।
एसोसिएशन की नव नियुक्त अध्यक्ष आरती सिंह राव ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि नई गवर्निंग बॉडी हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करते हुए राज्य में पैरा खेलों के विकास एवं उन्नति के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।
बता दें कि रविवार को पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा का चुनाव पंचकुला में संपन्न हुआ। चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव अधिकारी एडवोकेट विनय यादव की देखरेख में आयोजित किए गए। इस निर्वाचन प्रक्रिया में पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से सहसचिव देवाकर पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे तथा उन्होंने संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन किया।
ये है नई गवर्निंग बॉडी
अध्यक्ष : आरती सिंह राव
उपाध्यक्ष : अभिजीत सिंह
महासचिव : पवन कुमार
सहसचिव : सचिन मलिक
कोषाध्यक्ष : भीम सिंह
ये हैं कार्यकारणी सदस्य
ज्योति कुमार, सुरेंद्र कुमार, राहुल सिंह, विमल यादव (पूर्व मेयर गुरुग्राम), नरसी राम। इस अवसर पर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के संस्थापक गिर्राज सिंह, एशियन मैडलिस्ट सुधीर कुमार, संग्राम दहिया, यशपाल सोलंकी, धर्मेंद्र (कोच) एसोसिएशन के आजीवन सदस्य मनीष कुमार, धर्मेंद्र सिंधवानी, दुर्गापाल, हर्ष कुमार ,सलोनी कुमारी सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपस्थिति सदस्यों ने पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की नवनियुक्त अध्यक्ष आरती सिंह राव जी को बधाई दी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



