Nuh Mewat News: मेवात विकास अभिकरण देगा अग्निवीर भर्ती की निःशुल्क कोचिंग, 17 जुलाई तक करें आवेदन
अनुभवी पूर्व सैनिक देंगे प्रशिक्षण, मेरिट के आधार पर होगा चयन : उपायुक्त अखिल पिलानी
उपायुक्त एवं मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अखिल पिलानी ने जिले के युवाओं से भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए संचालित किए जा रहे निःशुल्क विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है।
नूंह: उपायुक्त एवं मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अखिल पिलानी ने जिले के युवाओं से भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए संचालित किए जा रहे निःशुल्क विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि मेवात विकास अभिकरण द्वारा जिला सैनिक बोर्ड, नूंह के सहयोग तथा ऑलिव हेरिटेज फाउंडेशन के माध्यम से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जा रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जिला नूंह के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती के लिए शारीरिक, शैक्षणिक एवं मानसिक रूप से तैयार करना है, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवा भारतीय सेना में चयनित होकर राष्ट्र सेवा का अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अनुभवी पूर्व सैनिकों एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा सेना के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को सेना के मानकों के अनुसार शारीरिक प्रशिक्षण, लिखित परीक्षा की तैयारी, नियमित मॉक टेस्ट, विशेष मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास तथा भर्ती प्रक्रिया से संबंधित समग्र प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा तथा सीमित सीटों पर मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
श्री अखिल पिलानी ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का जिला नूंह का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी ने दसवीं कक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों, वह शारीरिक एवं चिकित्सकीय रूप से पूर्णतः फिट हो तथा उसके शरीर पर कोई टैटू न हो।
उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और भारतीय सेना में भर्ती होने के अपने सपने को साकार करने के लिए समय रहते आवेदन करें। उन्होंने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी यासीन मेव डिग्री कॉलेज (वाईएमडी), नूंह से आवेदन पत्र प्राप्त कर वहीं जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए सूबेदार (सेवानिवृत्त) रणबीर सिंह के मो. 9625639597 तथा सुश्री मोनिका यादव के मो. 9217313811 पर संपर्क किया जा सकता है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



