Gurugram News: सेक्टर-42 में एचएसवीपी की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध जीएमडीए की बड़ी कार्रवाई
सरकारी भूमि से हटाए 20 अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठान
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुवार को गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-42 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए करीब 20 अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हटाया।
गुरुग्राम: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुवार को गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-42 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाते हुए करीब 20 अवैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हटाया।

कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर संचालित सब्जी की दुकानें, फूलों की दुकानें, वाहन मरम्मत केंद्र, मेडिकल स्टोर, रेस्टोरेंट एवं ढाबे, हुक्का आउटलेट, चिकन शॉप सहित अन्य अस्थायी एवं पक्के अवैध निर्माणों को हटाया गया। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
कार्रवाई जीएमडीए के जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) एवं गुरुग्राम के नोडल अधिकारी आरएस बाठ के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुई।
कार्रवाई से पूर्व डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे, राजस्व अभिलेखों एवं विभागीय जांच के माध्यम से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि की गई। इसके उपरांत संबंधित कब्जाधारकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए तथा रेस्टोरेशन के आदेश पारित किए गए। जीएमडीए ने कार्रवाई से पहले एचएसवीपी से भूमि स्वामित्व की पुनः पुष्टि भी प्राप्त की, जिसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अमल में लाई गई।
यह कार्रवाई क्षेत्र के निवासियों, विशेषकर ग्लोबल फोयर कॉन्डोमिनियम एसोसिएशन, द्वारा प्राप्त शिकायतों के बाद की गई। शिकायतों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने, प्रदूषण बढ़ने तथा आमजन को असुविधा होने की बात सामने आई थी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



