Faridabad News:77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 40 हजार पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने किया पौधारोपण, आमजन से वृक्षारोपण अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

Desh Rojana
On

हरियाणा सरकार के 'हरित हरियाणा-स्वच्छ हरियाणा' संकल्प को साकार करने की दिशा में गुरुवार को फरीदाबाद के आईएमटी, बल्लभगढ़ में जिला प्रशासन तथा वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया।

फरीदाबाद: हरियाणा सरकार के 'हरित हरियाणा-स्वच्छ हरियाणा' संकल्प को साकार करने की दिशा में गुरुवार को फरीदाबाद के आईएमटी, बल्लभगढ़ में जिला प्रशासन तथा वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पौधारोपण किया तथा प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
 
PN_1 (2)
 
उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

इस अवसर पर विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सतीश फागना, जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह, भाजपा बल्लभगढ़ जिला अध्यक्ष सोहन पाल छोकर, भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन, उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, जिला वन अधिकारी झलकार उइके, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, रेंज फारेस्ट ऑफिसर रमण कुमार, ब्लाक फारेस्ट ऑफिसर बल्लभगढ़ हेमराज सिंह, बीट इंचार्ज बल्लभगढ़ शशि भानु, ब्लाक फारेस्ट ऑफिसर बल्लभगढ़ राजेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
 
PN_1 (4)
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौती का सामना कर रही है, जिसके कारण पर्यावरण असंतुलित हो रहा है और मानव जीवन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बढ़ते प्रदूषण और बदलते मौसम चक्र से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्ष लगाना है।
 
PN_1 (5)
 
उन्होंने कहा कि यदि हमें स्वयं, अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखना है तो प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधे लगाने और उनका संरक्षण करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा कम से कम दो वर्षों तक उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जल संरक्षण पर भी विशेष बल देते हुए कहा कि जल का सदुपयोग और संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल और पर्यावरण दोनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना सबसे बड़ा धर्म और सच्ची राष्ट्रसेवा है।
 
PN_1 (6)
बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाकर ही स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ फरीदाबाद का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

एनआईटी विधायक सतीश फागना ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर पर पौधारोपण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय वन महोत्सव के अंतर्गत जिला में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सेक्टर-46 में 10 हजार तथा गुरुग्राम नहर (गुरुग्राम कैनाल) के किनारे 10 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही IMT में 2 विभिन्न स्थलों 10-10 हज़ार पौधे लगाये जाएँगे। इस अभियान का उद्देश्य जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जनभागीदारी के माध्यम से हरियाली को सुदृढ़ करना है।

वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए। कक्षा 9वीं से 12वीं तक आयोजित क्विज प्रतियोगिता में वंशु ने प्रथम, लक्ष्य ने द्वितीय तथा इशिता हरसाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 6वीं से 8वीं तक आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में इशिका ने प्रथम, एंजेल ने द्वितीय तथा अवनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर जैव विविधता प्रबंधन समिति के सदस्य सुशिल नागर सहित सभी विजेता विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प लिया।
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad