Gurugram News: मालिबु टाउन एमटी प्लाट आरडब्ल्यूए पदाधिकारी अलका दलाल सहित पांच-छह अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जिला रजिस्ट्रार, फर्म्स एवं सोसायटी कार्यालय में कथित अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और जबरन कार्यालय में प्रवेश के मामले में पुलिस ने मालिबु टाउन निवासी एवं एमटी प्लाट रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की पदाधिकारी अलका दलाल समेत पांच-छह अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है
गुरुग्राम: जिला रजिस्ट्रार, फर्म्स एवं सोसायटी कार्यालय में कथित अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और जबरन कार्यालय में प्रवेश के मामले में पुलिस ने मालिबु टाउन निवासी एवं एमटी प्लाट रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की पदाधिकारी अलका दलाल समेत पांच-छह अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

थाना सिविल लाइंस पुलिस ने उपलब्ध कराए गए वीडियो फुटेज के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जिला रजिस्ट्रार अर्पित गहलावत की शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई की शाम करीब चार बजे अलका दलाल उनसे मिलने कार्यालय पहुंचीं। उन्हें मुलाकात का समय समाप्त होने की जानकारी दिए जाने के बावजूद वह पांच-छह अन्य लोगों के साथ बिना अनुमति कार्यालय कक्ष में प्रवेश कर गईं।
शिकायत में कहा गया है कि साथ आए कुछ लोग स्वयं को अधिवक्ता बता रहे थे तथा उनके साथ हरियाणा पुलिस का एक पीएसओ भी मौजूद था। शिकायत के अनुसार कार्यालय के भीतर हंगामा किया गया, सरकारी कार्य में बाधा डाली गई और जिला रजिस्ट्रार पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
आरोप है कि अधिवक्ता की वेशभूषा में मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के कारण कार्यालय का सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई को शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराया। शिकायत और वीडियो के परीक्षण के बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच अधिकारी अब वीडियो फुटेज, विजिटर रजिस्टर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



