Panchkula News: हरियाणा में मानसून के दौरान 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य : मंत्री आरती सिंह राव
पौधारोपण ही नहीं, हर पौधे को पेड़ बनाना हमारा लक्ष्य : आरती सिंह राव
हरियाणा की स्वास्थय एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार ने वर्तमान मानसून ऋतु के दौरान राज्य में 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पंचकूला: हरियाणा की स्वास्थय एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार ने वर्तमान मानसून ऋतु के दौरान राज्य में 1 करोड़ 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान में सभी विभाग, पंचायतें, नगर निकाय , शैक्षणिक और औद्योगिक संस्थान, धार्मिक और सामाजिक संगठन तथा आमजन बढ़चढकर अपनी भागीदारी निभा रहे है।

स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव आज बरवाला के अलीपुर स्थित हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के परिसर में आयोजित 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी।
इससे पूर्व मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बीबी भारती, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश देवी नगर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि वन महोत्सव यह संदेश देता है कि अगर हमें एक अच्छा, स्वस्थ व सुरक्षित भविष्य चाहिए तो हमें प्रकृति का ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य केवल अस्पतालों और दवाईयों से नहीं बल्कि स्वच्छ और हरित वातावरण से भी जुडा होता है। जितने अधिक पेड होंगे उतनी ही स्वस्छ हवा मिलेगी और बीमारियां भी कम होगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड मां के नाम अभियान की शुरूआत की है। हरियाणा में इस अभियान का भरपूर जनसमर्थन मिला है, जिसके लिए वे हरियाणावासियों की आभारी है। ऐसे अभियानों को सफल बनाकर ही हम हरियाणा को हरित प्रदेश बना सकते है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य केवल पोधारोपण करना ही नहीं होना चाहिए बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को बडा पेड बनाना लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने पर्यावरण के दृष्टिकोण से 75 साल से अधिक उम्र के पेडों के संरक्षण के लिए प्राण वायु देवता पेंशन शुरू की है। इस योजना में पुराने पेडों की देखभाल करने वालों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का भी संकल्प लें। इस मौके पर कुमारी आरती सिंह राव ने वन एवं वन्य जीव विभाग द्वारा स्कूल स्तर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वन महोत्सव केवल पौधारोपण नहीं, प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प : विधायक शक्ति रानी शर्मा
इससे पूर्व अपने संबोधन में कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि आज हरियाणा के सभी जिलों में वन महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। यह केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता, पर्यारण संरक्षण का संकल्प दोहराने और आने वाली पीढीयों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सामुहिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढते तापमान, वायु प्रदूषण, घटते भूजल स्तर और वन क्षेत्रों में कमी जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। इन चुनौतियों का समाधान प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ किया गया एक पेड मां के नाम आज एक अभियान तक सीमित नहीं है बल्कि जन-जन की भागीदारी से एक व्यापक चेतना का रूप लेता जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस सकारात्मक परिवर्तन के सबसे बडे वाहक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उसकी नियमित देखभाल करें। श्रीमती शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि जब प्रत्येक युवा एक पौधे का संकल्प लेगा तब पर्यावरण सरंक्षण एक अभियान नहीं रहेगा बल्कि जन भागीदारी से एक सशक्त जन अभियान बन जाएगा।
31 अगस्त तक चलेगा पौधारोपण अभियान, आज प्रदेशभर में लगाए गए 25 लाख पौधे : भारत भूषण भारती
मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज से प्रदेशभर में पौधारोपण अभियान की शुरुआत हो गई है, जो 31 अगस्त तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज गुरुवार को प्रदेश के सभी 23 जिलों में 25 लाख पौधे लगाए गए। अलीपुर बरवाला स्थित एचएसआईआईडीसी के प्रांगण में भी एक हजार पौधों का रोपण किया गया।
हर नागरिक एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण भी करे : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता
हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने आह्वान किया कि वन महोत्सव के अवसर पर प्रत्येक नागरिक यह संकल्प ले कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएगा और उसका संरक्षण भी करेगा। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। औषधीय पौधे, छायादार वृक्ष तथा फलदार पेड़ हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। यह संकल्प केवल भौतिक विकास से ही पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए स्वच्छ वातावरण और शुद्ध जलवायु भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़ों के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा घग्गर के समीप ऑक्सीवन विकसित किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को भरपूर मात्रा में ऑक्सीजन भी उपलब्ध हो सके।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्री श्रवण गर्ग, हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन श्री अमर पाल राणा, हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन श्री जसमेर सिंह बंजारा, मार्केंट कमेटी बरवाला के चेयरमैन श्री देसराज पोसवाल, एसडीएम पंचकूला श्री चंद्रकांत कटारिया, सिविल सर्जन पंचकूला डॉ मुक्ता कुमार, वन मंडल अधिकारी श्री विशाल कौशिक, वन मंडल अधिकारी (सीड्स) श्री प्रशांत शर्मा, एडीएफओ श्रीमती अनिता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



