Narnaul News: महाअभियान: सीएम नायब सैनी ने नारनौल में रचा इतिहास; 67 हजार से अधिक युवाओं संग लगाई दौड़
नारनौल की धरती से गूंजा 'नशा मुक्त हरियाणा', 'हर घर तिरंगा' और 'वंदे मातरम्' का महाशंखनाद; धावकों का हुजूम देख गदगद हुए मुख्यमंत्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह वीरभूमि नारनौल में राज्य स्तरीय 'नशा मुक्त हरियाणा' मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक हाफ मैराथन में पूरे प्रदेश से रिकॉर्ड 67,856 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिसने नारनौल की सड़कों को देशभक्ति और जोश के रंग में सराबोर कर दिया।
नारनौल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार सुबह वीरभूमि नारनौल में राज्य स्तरीय 'नशा मुक्त हरियाणा' मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक हाफ मैराथन में पूरे प्रदेश से रिकॉर्ड 67,856 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिसने नारनौल की सड़कों को देशभक्ति और जोश के रंग में सराबोर कर दिया। मंच से हरी झंडी दिखाने के तुरंत बाद, मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए खुद ट्रैक पर उतर आए।
सीएम नायब सिंह सैनी ने आम धावकों के साथ महेंद्रगढ़ रोड स्थित सेक्टर-1 मुख्य गेट (नूनी शेखपुरा मोड़) से नांग तिहाड़ी मोड़ तक कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई। मुख्यमंत्री को अपने बीच दौड़ते देख युवाओं का उत्साह दोगुना हो गया और पूरा मार्ग 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सांसद धर्मवीर सिंह, नारनौल विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह, जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने ट्रैक पर कदमताल कर युवाओं को ‘न नशा करेंगे, न करने देंगे’ का संकल्प दिलाया। सुबह से ही महावीर चौक तक बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ जुट गई थी। मैराथन में 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दो अलग-अलग स्पर्धाएं कराई गईं, जिनके विजेताओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच से मेडल और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पूरे रूट पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, मेडिकल हेल्प डेस्क और हाइड्रेशन पॉइंट के कड़े इंतजाम किए गए थे।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस आयोजन की गूंज सिर्फ नारनौल या महेंद्रगढ़ तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे देश में नशा मुक्ति का मजबूत संदेश देगी।
मुख्यमंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा, "नशा हमारी युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है। हरियाणा सरकार इसे जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वस्थ युवा ही समृद्ध हरियाणा की नींव हैं।" उन्होंने युवाओं को जीवनभर नशे से दूर रहने और खेल व सकारात्मकता को अपनाने की शपथ दिलाई।
देशभक्ति के महाअभियान का शंखनाद:
नशा मुक्ति संदेश के साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 'हर घर तिरंगा' अभियान का भी औपचारिक आगाज किया। उन्होंने हर नागरिक से अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को समर्पित यह विशेष अभियान आगामी 17 अगस्त तक पूरे हरियाणा में जोर-शोर से चलाया जाएगा। इस दौरान जिला स्तर से लेकर गांव-गांव तक सांस्कृतिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उमस और रूट डायवर्जन ने बढ़ाई आफत, डायल 112 तक पहुंची घबराहट की कॉल:
एक तरफ जहां देशभक्ति के गीतों पर युवा थिरक रहे थे, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक इंतज़ामों में खामियां भी नज़र आईं। भारी भीड़ और उमसभरी गर्मी के बीच बच्चों की हालत बिगड़ने लगी, जिससे घबराकर एक अभिभावक ने डायल 112 पर फोन कर बच्चों का दम घुटने की शिकायत कर दी। इसके अलावा सुरक्षा के नाम पर महेंद्रगढ़ रोड को पूरी तरह सील कर दिए जाने से आम लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को 8 से 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ा, जिससे दो दिनों तक नारनौल शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
भीड़ में बिछड़ी मासूम, आधे घंटे बाद पुलिस ने परिजनों से मिलाया:
मैराथन के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक सरकारी स्कूल की छात्रा भीड़ में अपने शिक्षकों और सहपाठियों से बिछड़ गई। घबराई हुई बच्ची रोते-बिलखते मुख्य मंच तक पहुंच गई। हालांकि डर के मारे वह अपने स्कूल का नाम भी नहीं बता पा रही थी। लगभग आधे घंटे तक बच्ची को मंच पर ही सुरक्षित बिठाया गया, जिसके बाद मौके पर तैनात महिला पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को उसके अध्यापकों के सुपुर्द किया।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



