Gurugram News: बेटे-बहू से मिलने को लेकर विवाद, समधिन पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम: उद्योग विहार थाना क्षेत्र में बेटे और बहू से मिलने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी समधिन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 अगस्त को थाना उद्योग विहार में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे उसके दामाद का पिता नशे की हालत में उसके पास आया और किसी बात को लेकर बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीड़िता के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे आरोपी से बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान उद्योग विहार थाना पुलिस ने बुधवार, 18 अगस्त को आरोपी को सूर्य विहार, सेक्टर-21, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 49 वर्षीय संजय, निवासी ईशापुर, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मजदूरी करता है। उसके बेटे की शादी शिकायतकर्ता की बेटी से हुई है, जिसके चलते दोनों आपस में समधी और समधिन हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कबूल किया कि शिकायतकर्ता उसे अपने बेटे और बहू से मिलने नहीं देती थी। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी और इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



