Faridabad News: बल्लभगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन

भारत आज दुनिया के सामने मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभर रहा

Desh Rojana
On

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बल्लभगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, देशभक्ति और गौरव के साथ मनाया गया।

फरीदाबाद/बल्लभगढ़: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बल्लभगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, देशभक्ति और गौरव के साथ मनाया गया। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरियाणा पं. मूलचंद शर्मा ने बल्लभगढ़ उपमंडल कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विधायक ने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित समस्त हरियाणा एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

PN_1 (1)

ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना के साथ तिरंगे को सलामी दी। पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

वीर शहीदों के बलिदान से मिली आजादी, उनके आदर्शों पर चलना हमारा कर्तव्य

विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और गौरव का दिन है। स्वतंत्रता हमें आसानी से प्राप्त नहीं हुई, बल्कि इसके लिए देश के लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों ने वर्षों तक संघर्ष किया और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान के लिए देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी। अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के सामने हमारे स्वतंत्रता सेनानी कभी नहीं झुके। उन्होंने अपने अदम्य साहस और संघर्ष से अंग्रेजों की नींव हिला डाली और देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं, अपने अधिकारों का प्रयोग कर रहे हैं और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, तो इसके पीछे हमारे शहीदों का त्याग और बलिदान है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान वीरों को याद करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का दिन भी है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान, वीरों के त्याग को किया याद

ध्वजारोहण के बाद विधायक मूलचंद शर्मा ने शहीद स्मारक पहुंचकर देश की रक्षा और आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। इस मौके पर उन्होंने शहीद परिवार जनों को शाल भेंट कर उनको सम्मानित किया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ पीटी परेड में भाग लेने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

PN_1 (5)

 
भारत आज दुनिया के सामने मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभर रहा

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। आज भारत दुनिया के सामने एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को मजबूत बनाए रखने के लिए हमें अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना होगा। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रहित के कार्यों में प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हमारा तिरंगा केवल कपड़े का एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। इसकी प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।

जिला प्रशासन में भी सर्वोच्च कार्य के लिए अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

PN_1 (6)

इस अवसर पर एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीसीपी प्रतीक अग्रवाल, तहसीलदार भूमिका, खंड विकास अधिकारी अंशू डागर, खंड शिक्षा अधिकारी सतीश चौधरी, जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, पूर्व चेयरमैन हुकम सिंह भाटी, मार्किट कमेटी चेयरमैन संजीव बैंसला, भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, पार्षदगण, शहर के गणमान्य नागरिक तथा अन्य उपस्थित लोग मौजूद रहे। सभी ने देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad