Gurugram News: बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों का ‘परीक्षा परिणाम’: ट्रक धंसा, 10 फीट गड्ढा खुला, सिस्टम गायब
“सड़क पर गड्ढा दिख गया, लेकिन जिम्मेदारी अभी भी गायब है।”
सोमवार की बारिश के बाद मंगलवार सुबह गुरुग्राम की सड़कों ने व्यवस्था की तैयारियों का ‘परीक्षा परिणाम’ सामने रख दिया।
गुरुग्राम। सोमवार की बारिश के बाद मंगलवार सुबह गुरुग्राम की सड़कों ने व्यवस्था की तैयारियों का ‘परीक्षा परिणाम’ सामने रख दिया। कहीं सड़क में सीमेंट से भरा ट्रक धंस गया तो कहीं रेत से लदा ट्रक गड्ढे में फंस गया। इफको चौक पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खुल गया। गनीमत रही कि किसी घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

पहली घटना सेक्टर-9 में हुई, जहां सीमेंट से भरा ट्रक सड़क धंसने के कारण गड्ढे में फंस गया और पलटने की स्थिति में पहुंच गया। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीमेंट की बोरियां उतरवाईं और क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकलवाया।

इसके बाद नरसिंहपुर के पास दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन भी धंस गई। यहां रेत से भरा ट्रक गड्ढे में फंसने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को बाहर निकलवाया।
इफको चौक पर फिर खुला गहरा गड्ढा
इन घटनाओं के बीच इफको चौक पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा होने से हड़कंप मच गया। ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया और जीएमडीए को सूचना दी।
इफको चौक के नीचे करीब 1200 एमएम की मास्टर सीवर लाइन गुजर रही है। बताया जा रहा है कि लीकेज के कारण इसी जगह पहले भी करीब 20 फीट गहरा गड्ढा बन चुका है, जिसकी मरम्मत में एक सप्ताह से अधिक समय लगा था। अब दोबारा सड़क धंसने से सीवर व्यवस्था और पिछली मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हर बारिश में वही कहानी क्यों?
हर मानसून से पहले जलनिकासी और सीवर व्यवस्था दुरुस्त होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश के बाद सड़कें धंसने, वाहन फंसने और गहरे गड्ढे बनने का सिलसिला फिर शुरू हो जाता है।
सड़क पर गड्ढा दिख गया, लेकिन जिम्मेदारी अभी भी गायब है। सवाल यही है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या इन सड़कों की स्थायी मरम्मत भी होगी?

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



