Narnaul News: रक्षाबंधन पर हरियाणा सरकार का बड़ा तोहफा: महिलाएं और बच्चे कर सकेंगे मुफ्त बस सफर, नारनौल डिपो ने कसी कमर
रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं और बच्चों के लिए मुफ्त बस यात्रा की बड़ी घोषणा की है।
नारनौल: रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं और बच्चों के लिए मुफ्त बस यात्रा की बड़ी घोषणा की है।

इस फैसले के तहत हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में महिलाओं तथा 15 वर्ष तक के बच्चों को किराए में शत-प्रतिशत छूट दी जाएगी। बहनों को अपने भाइयों के घर पहुंचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नारनौल डिपो के महाप्रबंधक (जीएम) देवदत्त ने बताया कि मुफ्त सफर की यह सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12:00 बजे से शुरू हो जाएगी, जो 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह छूट केवल हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में ही मान्य होगी। मुफ्त यात्रा का दायरा हरियाणा के भीतर एक शहर से दूसरे शहर के अलावा दिल्ली और चंडीगढ़ आने-जाने वाली साधारण बसों पर भी पूरी तरह लागू रहेगा।
भीड़ को देखते हुए चलेंगी अतिरिक्त बसें-
जीएम देवदत्त ने कहा कि त्यौहार के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए नारनौल डिपो द्वारा प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों के संचालन की योजना बनाई गई है। डिपो स्तर पर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि मुख्य बस स्टैंडों और रूटों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए ताकि किसी भी यात्री, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



