Rewari News: समाज में समरसता और उत्थान की नई इबारत लिखेगा 23 अगस्त को बावल का मेधावी सम्मान समारोह : वेदप्रकाश
वीरवार को कस्बा बावल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मेघवाल उत्थान समिति, हरियाणा की ओर से 23 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रेसवार्ता बुलाई गई। इसमें उक्त समिति से जुड़े डेढ़ दर्जन पदाधिकारी शामिल हुए।
रेवाड़ी। वीरवार को कस्बा बावल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मेघवाल उत्थान समिति, हरियाणा की ओर से 23 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रेसवार्ता बुलाई गई। इसमें उक्त समिति से जुड़े डेढ़ दर्जन पदाधिकारी शामिल हुए।
समिति के संयोजक वेदप्रकाश एसडीओ ने कहा कि 23 अगस्त को बावल की अनाज मंडी में आयोजित होने वाला सम्मेलन समाज में समरसता और उत्थान की नई इबारत लिखेगा। इस मौके पर मंच पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इनके साथ प्रदेश की राजनीति से अहम चेहरे भी उस दिन बावल पहुंचेंगे। इन सभी का यहां समाज के मेधावी बच्चों को सम्मानित करने का कार्यक्रम तय हुआ है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समरसता सम्मेलन इस क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक क्षेत्रों में नए द्वार खोलेगा।
उनके साथ ही समिति के एक प्रवक्ता एडवोकेट रजवंत डहनवाल ने भी इस समस्त कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी लोगों से सहयोग की अपील की। बैठक से पूर्व उक्त समिति ने इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आपस में मंत्रणा की।
बाद में समिति के सदस्य सभा स्थल पर पुलिस अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी और आमजन की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लेने पहुंचे। मुख्य मंच के साथ ही, प्रेस गैलरी, मेधावी बच्चों, उनके परिजनों और क्षेत्र वासियों के बैठने की जगह को लेकर भी मौके पर चर्चा हुई। बेसहारा पशुओं की वजह से रेवाड़ी में हुई घटनाओं के दर्द को महसूस करते हुए समारोह के आयोजकों ने सभा स्थल के आसपास किसी भी बेसहारा पशु को नहीं आने देने के लिए भी जरूरी प्रबंध किए हैं। फिलहाल मंच, कुर्सियां और सफाई व्यवस्था पर तेजी से काम चल रहा है।
इन दोनों जगहों पर उक्त समिति के अध्यक्ष सूरजभान मेघवाल, सचिव भूपेन्द्र मेघवाल शेखपुर, मुख्य सलाहकार सांवत सिंह पूर्व सरपंच, विक्रम मेघवाल बेरवाल, महेन्द्र सिंह झाझरिया, जिला प्रधान रेवाड़ी, जिला प्रभारी लालचंद, भानसिंह मेघवाल खोरी, रूड़ाराम मेघवाल, फते सिंह, हीरा सिंह, बलबीर मेघवाल, राधेश्याम, सतीश मेघवाल आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति ने सभी समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



