Palwal News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत 22, 23, 29 व 30 अगस्त को विशेष अभियान दिवस
विशेष अभियान दिवसों पर सभी मतदान केंद्रों पर प्रात: 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां करेंगे प्राप्त
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 22, 23, 29 एवं 30 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।
पलवल। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 22, 23, 29 एवं 30 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन विशेष अभियान दिवसों के दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रात: 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में भाग लेकर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकें।

बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी तथा बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष अभियान दिवसों के दौरान अपने अधीन आने वाले सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करें। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि निर्धारित तिथियों पर बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों के संबंध में आमजन को पर्याप्त जानकारी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने, आवश्यक संशोधन करवाने अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने से वंचित न रहे।
विशेष अभियान दिवसों पर मतदान केंद्रों का करें निरीक्षण
निर्वाचन अधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित विशेष अभियान दिवसों पर अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहें तथा यह जांच करें कि सभी बीएलओ निर्धारित समय के दौरान अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित हैं या नहीं। यदि किसी मतदान केंद्र पर बीएलओ अनुपस्थित पाया जाता है तो भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए इस कार्यालय को भी अवगत करवाना सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत निर्धारित विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं और अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करें। पात्र नागरिक आवश्यकतानुसार अपने दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत कर सकते हैं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



