Palwal News : खेल मंत्री गौरव गौतम की पहल से पलवल को मिलेगी नई पहचान, अलावलपुर चौक पर बनेगा आइकॉनिक वेलकम गेट और सड़क के मध्य में होगा हरित स्वरूप

Desh Rojana
On

हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण, खेल एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम की पहल पर पलवल शहर के प्रवेश द्वार को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

पलवल। हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण, खेल एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम की पहल पर पलवल शहर के प्रवेश द्वार को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शहर के प्रमुख अलावलपुर चौक (माल गोदाम रोड) पर करीब 2.45 करोड़ रुपये की लागत से भव्य आइकॉनिक वेलकम गेट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही माल गोदाम रोड के मध्य स्थित सब्जी मंडी का सौंदर्यीकरण कर इसे हरित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। aa

प्रस्तावित वेलकम गेट पलवल शहर की नई पहचान के रूप में विकसित होगा। शहर में प्रवेश करने वाले लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों को यह भव्य द्वार पलवल की आधुनिक सोच और विकास की झलक दिखाएगा। परियोजना के तहत वेलकम गेट के निर्माण के साथ आसपास के क्षेत्र को भी सुंदर और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। पलवल भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में आने वाले नागरिकों और यात्रियों का स्वागत एक ऐसे भव्य प्रवेश द्वार से हो, जो पलवल की पहचान और विकास की तस्वीर प्रस्तुत करे, इसी उद्देश्य से इस परियोजना को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि केवल वेलकम गेट का निर्माण ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उसके आसपास के क्षेत्र को भी आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल स्वरूप दिया जाएगा। इससे शहर के सौंदर्य में वृद्धि होगी और नागरिकों को भी बेहतर एवं स्वच्छ वातावरण मिलेगा। परियोजना पूरी होने के बाद अलावलपुर चौक क्षेत्र पलवल के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकता है। प्रस्तावित वेलकम गेट का निर्माण आधुनिक वास्तुकला एवं उच्च गुणवत्ता वाले मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसमें स्टेनलेस स्टील क्लैडिंग, रेड सैंड स्टोन फिनिश, आकर्षक डिजाइन तथा आधुनिक एलईडी लाइटिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। दिन के समय गेट अपनी भव्य संरचना से आकर्षित करेगा, वहीं रात के समय आधुनिक प्रकाश व्यवस्था इसे और अधिक आकर्षक बनाएगी। परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माल गोदाम रोड के मध्य में वही सब्जी मंडी और अनाज मंडी का सौंदर्यीकरण एवं हरित विकास भी है। इसके अंतर्गत डिजाइनर लाइटिंग, सजावटी पौधारोपण, मौसमी फूलों तथा हरी घास का विकास किया जाएगा। इससे सड़क के मध्य का क्षेत्र न केवल सुंदर दिखाई देगा, बल्कि शहर के पर्यावरणीय सौंदर्य में भी योगदान देगा।

सड़क के मध्य में हरियाली बढ़ने से सड़क का पूरा स्वरूप बदलने की उम्मीद है। विशेष रूप से शाम और रात के समय डिजाइनर लाइटिंग तथा आकर्षक पौधारोपण के कारण यह क्षेत्र शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। इससे पलवल शहर की विजुअल पहचान भी मजबूत होगी। गौरव गौतम ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि शहर की सुविधाओं, सुंदरता और नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना है। पलवल में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को आधुनिक स्वरूप देने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अलावलपुर चौक पलवल के महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोग गुजरते हैं। ऐसे में इस स्थान पर बनने वाला आइकॉनिक वेलकम गेट शहर की पहली छवि को प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

परियोजना के तहत हरित विकास को प्राथमिकता दिए जाने से यह कार्य सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सजावटी पौधों, मौसमी फूलों और हरी घास के साथ क्षेत्र को व्यवस्थित रूप दिया जाएगा। इससे शहर के प्रवेश मार्ग पर स्वच्छता और हरियाली का बेहतर वातावरण तैयार होगा। स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को पलवल के बदलते स्वरूप से जोड़कर देखा जा रहा है। आधुनिक वेलकम गेट और विकसित हरित सड़क के मध्य शहर की नई तस्वीर प्रस्तुत करेंगे। आने वाले समय में पलवल में होने वाले अन्य विकास कार्यों के साथ यह परियोजना भी शहर को अधिक आधुनिक और आकर्षक बनाने में योगदान देगी। नगर परिषद पलवल द्वारा परियोजना से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। औपचारिक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की बात कही गई है। परियोजना के पूरा होने के बाद अलावलपुर चौक क्षेत्र पलवल के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में एक अलग पहचान कायम कर सकता है। इस पहल से पलवल को एक ऐसा आधुनिक प्रवेश द्वार मिलने जा रहा है, जो विकास, सौंदर्य, हरियाली और आधुनिकता का संगम होगा। मंत्री गौरव गौतम की पहल पर प्रस्तावित यह परियोजना शहर की बदलती तस्वीर को दर्शाने के साथ-साथ पलवल वासियों के लिए भी गर्व का विषय बनेगी।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad