Palwal/Hodal News : उपमंडल होडल में आन-बान-शान से निकाली गई जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा, तिरंगामय हुआ होडल
विधायक होडल हरेंद्र सिंह ने हाथ में तिरंगा उठाकर किया विशाल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व
भारत सरकार की ओर से चलाए गए ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्‘ अभियान के तहत सोमवार को जिला के उपमंडल होडल में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होडल से सती सरोवर होडल तक निकाली गई विशाल जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की अद्भुत मिसाल बन गई।
होडल। भारत सरकार की ओर से चलाए गए ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्‘ अभियान के तहत सोमवार को जिला के उपमंडल होडल में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होडल से सती सरोवर होडल तक निकाली गई विशाल जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की अद्भुत मिसाल बन गई। 
होडल के विधायक और तिरंगा यात्रा के संयोजक हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के राजनैतिक सचिव किरणपाल खटाना, पूर्व जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सोरोत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, डीएमसी मनीषा शर्मा, एसडीएम होडल बलीना, युवा भाजपा नेता विश्वकुमार उर्फ भालू, जगप्रिय सहित अनेक पार्टी पदाधिकारियों, गांवों के सरपंच, पूर्व सैनिकों, गणमान्य व्यक्तियों और हजारों नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और गर्व के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया और लोगों को राष्टï्र प्रेम का संदेश दिया। विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने देश-प्रदेश के साथ-साथ विदेशों में भी तिरंगा के मान-सम्मान को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़े का ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान, हमारे गौरव, त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे खड़ा प्रत्येक भारतीय देश की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनके त्याग और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता।
विधायक ने कहा कि तिरंगा यात्रा ने यह संदेश दिया कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता और सामाजिक समरसता में निहित है। अलग-अलग धर्मों, जातियों, वर्गों और क्षेत्रों से जुड़े नागरिक जब एक तिरंगे के नीचे एकजुट होकर चलते हैं, तो पूरी दुनिया के सामने भारत की एकता और मजबूत होती है। यही ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय भावना है पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हुए मानवता, प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देना। उन्होंने कहा कि देश प्रेम केवल नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए। राष्ट्र के प्रति सच्चा प्रेम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने, समाज में भाईचारा बनाए रखने, जरूरतमंद की मदद करने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने और देश की प्रगति में योगदान देने से प्रकट होता है। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि मैंने पढ़ा है कि पलवल की धरती हमेशा से वीरता, देशभक्ति और सामाजिक एकता की भावना के लिए जानी जाती रही है। आज की विशाल तिरंगा यात्रा ने इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत किया है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगे के सम्मान में एकजुट हुआ यह जनसैलाब आने वाली पीढिय़ों को भी राष्ट्रप्रेम, त्याग, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराए और देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सौहार्द तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने में अपना योगदान दे।
राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय होडल से शुरू हुई यह विशाल तिरंगा यात्रा सती सरोवर होडल तक पहुंची। भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान उपमंडल होडल भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो गया। तिरंगा यात्रा में युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों, महिलाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढक़र भागीदारी की। हर हाथ में तिरंगा और हर जुबान पर वतन के प्रति प्रेम ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और दिल में देशप्रेम लिए युवाओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण को जोश और उत्साह से भर दिया। यात्रा से पहले विधायक हरेंद्र सिंह, उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मिलकर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन जगविंदर सिंह, मार्केट कमेटी हसनपुर के चेयरमैन राजपाल, मार्केट कमेटी के सचिव वीरेंद्र सिंह, मार्केट कमेटी हसनपुर के सचिव नरवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



