Gurugram News: रिटायर्ड बैंक अफसर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद
दौलताबाद फ्लाईओवर के पास बुधवार देर रात एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान सेक्टर-43 स्थित सुशांत लोक निवासी 72 वर्षीय प्रदीप कुमार अरोड़ा के रूप में हुई है।
गुरूग्राम: दौलताबाद फ्लाईओवर के पास बुधवार देर रात एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान सेक्टर-43 स्थित सुशांत लोक निवासी 72 वर्षीय प्रदीप कुमार अरोड़ा के रूप में हुई है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रदीप कुमार इंडियन बैंक में असिस्टेंट जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और करीब सात-आठ वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले करीब डेढ़ साल से हृदय संबंधी बीमारी से परेशान थे और उनका इलाज चल रहा था।
बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे प्रदीप कुमार अपनी पत्नी से बाहर टहलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह जीआरपी ने परिवार को घटना की जानकारी दी।
सुसाइड नोट में लिखा- जिंदगी से थक चुका हूं
जांच के दौरान पुलिस को प्रदीप कुमार के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें उन्होंने अपनी जिंदगी से थक जाने की बात लिखी थी। नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि प्रदीप कुमार की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी अमेरिका की एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और वह सेक्टर-67 में परिवार के साथ रहती है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



