Mewat Taudu News: तावडू में नगर पालिका की फर्जी एनडीसी से अवैध रजिस्ट्री का आरोप, पीड़ित ने तहसीलदार-एसडीएम से की शिकायत, जांच के आदेश
नगर में नगर पालिका द्वारा कथित रूप से फर्जी एनडीसी जारी कर अवैध कॉलोनी में रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बावला चौक निवासी जुबेर पुत्र ईसब ने तावडू तहसीलदार, उपमंडल अधिकारी, जिला उपायुक्त और मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत देकर उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है।
तावड़ू। नगर में नगर पालिका द्वारा कथित रूप से फर्जी एनडीसी जारी कर अवैध कॉलोनी में रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बावला चौक निवासी जुबेर पुत्र ईसब ने तावडू तहसीलदार, उपमंडल अधिकारी, जिला उपायुक्त और मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत देकर उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में जुबेर ने आरोप लगाया है कि मजीदन पत्नी जुहरु निवासी बावला ने नगर पालिका तावडू के नाम से कई फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र तैयार करवाए हैं। इनका इस्तेमाल कर आरोपी ने अवैध कॉलोनी में वसीका नं. 4353, 4120, 3432 और 3433 की रजिस्ट्री करवा ली। शिकायतकर्ता के अनुसार इन रजिस्ट्रियों में इस्तेमाल की गई प्रॉपर्टी आईडी और एनडीसी शहर के अलग-अलग हिस्सों से ली गई हैं। इन वसीका में वेध बैंक कॉलोनी तावडू की एनडीसी का प्रयोग कर बाईपास बावला रोड की दो खेवत में रजिस्ट्री कराई गई है।
पीड़ित जुबेर का कहना है कि नगर पालिका तावडू के रिकॉर्ड के अनुसार इन सभी रजिस्ट्रियों की कोई भी एनडीसी वैध रूप से जारी नहीं की गई है। आरोपी ने सरकारी अधिकारियों को गुमराह कर अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से जाली दस्तावेज तैयार किए हैं। शिकायत में मांग की गई है कि मामले की तुरंत जांच कर आरोपी के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाए। इसके अलावा फर्जी एनडीसी और फर्जी तरीके से हुई रजिस्ट्रियों को रद्द किया जाए।
इस मामले पर तावडू तहसीलदार रीता ग्रोवर ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के लिए नगर पालिका को तलब किया गया है। वहीं तावडू नगर पालिका सचिव मोहित हुड्डा ने कहा कि उनके कार्यालय से किसी प्रकार की फर्जी एनडीसी जारी नहीं की जाती, यदि किसी ने शिकायत दी है तो वह सबूत पेश करे, निष्पक्ष जांच की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



