Narnaul News: सप्तरंग सांस्कृतिक महोत्सव-2026: महेंद्रगढ़ की स्नेह शर्मा ने महाराष्ट्र में बिखेरी हरियाणवी संस्कृति की छटा, डॉ. सान्वी ने किया सम्मानित
महाराष्ट्र के नांदेड में आयोजित 'सप्तरंग सांस्कृतिक महोत्सव-2026' में महेंद्रगढ़ जिले की बेटी स्नेह शर्मा ने अपनी प्रतिभा और सेवा भावना से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
नारनौल: महाराष्ट्र के नांदेड में आयोजित 'सप्तरंग सांस्कृतिक महोत्सव-2026' में महेंद्रगढ़ जिले की बेटी स्नेह शर्मा ने अपनी प्रतिभा और सेवा भावना से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। कस्बे के निकटवर्ती गांव कांटी की निवासी स्नेह शर्मा को नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन हरियाणा की ओर से इस भव्य महोत्सव में स्वयंसेवक के रूप में देश सेवा करने का गौरवपूर्ण अवसर मिला। महोत्सव के दौरान स्नेह शर्मा ने विभिन्न सांस्कृतिक और प्रबंधकीय व्यवस्थाओं में सक्रिय और सराहनीय योगदान दिया। स्वयंसेवा के प्रति उनके इसी समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए समारोह के मुख्य मंच पर डॉ. सान्वी द्वारा उन्हें विशेष रूप से मोमेंटो (स्मृति चिह्न) और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बना हुआ है।

राष्ट्रीय मंच पर लोक नृत्य की धूम:
प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ स्नेह शर्मा ने महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति भी दी। उन्होंने पारंपरिक हरियाणवी नृत्य पेश कर वहां मौजूद दर्शकों और देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी इस प्रस्तुति ने हरियाणवी संस्कृति की अनूठी और जीवंत झलक पेश करते हुए खूब वाहवाही बटोरी।
विविधता में एकता को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन: स्नेह
सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए स्नेह शर्मा ने कहा कि सप्तरंग जैसे राष्ट्रीय स्तर के मंच पर स्वयंसेवा करना और अपनी लोक संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बेहद गौरवपूर्ण और प्रेरक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से देश के युवाओं को विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को जानने, समझने और आपस में भाईचारा बढ़ाने का अवसर मिलता है, जिससे राष्ट्रीय एकता की भावना और मजबूत होती है। स्नेह शर्मा की इस उपलब्धि पर कांटी गांव सहित पूरे महेंद्रगढ़ जिले के सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों का कहना है कि स्नेह की यह सहभागिता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी स्वयंसेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



