Narnaul News: नारनौल में अवैध खनन रोकने गए वनकर्मियों पर चढ़ाई जेसीबी, कूदकर बचाई जान
हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में अरावली की पहाड़ियों को छलनी कर रहे खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है। शुक्रवार को गांव बायल की पहाड़ियों में अवैध खनन रुकवाने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर माफिया ने सीधा हमला बोल दिया। अवैध खनन में जुटी जेसीबी के चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे सीधे वनकर्मियों की तरफ दौड़ा दिया।
नारनौल: हरियाणा के नारनौल क्षेत्र में अरावली की पहाड़ियों को छलनी कर रहे खनन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है। शुक्रवार को गांव बायल की पहाड़ियों में अवैध खनन रुकवाने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों पर माफिया ने सीधा हमला बोल दिया। अवैध खनन में जुटी जेसीबी के चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे सीधे वनकर्मियों की तरफ दौड़ा दिया। वनकर्मियों ने ऐन मौके पर कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन उनकी सरकारी मोटरसाइकिल जेसीबी के टायरों के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

नियमित गश्त के दौरान हुआ सामना: जानकारी के अनुसार, वन विभाग के फॉरेस्ट गार्ड सिकंदर, ग्रुप-डी कर्मचारी मोहन और माली संजय इलाके में रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें बायल की पहाड़ियों में जेसीबी से अवैध खुदाई किए जाने की सूचना मिली। जब टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने खनन रोकने का प्रयास किया, तो बेखौफ चालक ने कर्मचारियों को कुचलने की नीयत से जेसीबी उनकी तरफ बढ़ा दी। अचानक हुए इस हमले से हड़बड़ाए वनकर्मियों को पीछे हटना पड़ा, जिससे उनकी बाइक मौके पर ही छूट गई और जेसीबी की चपेट में आ गई।
डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची: वारदात की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंज ऑफिसर रजनीश और डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी के नीचे फंसी सरकारी बाइक को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उक्त जेसीबी संजय उर्फ माडू राम की है, जिसे वारदात के समय चालक वसीम चला रहा था। पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटा लिए हैं।
क्या कहते हैं अधिकारीः वन विभाग के रेंज ऑफिसर रजनीश ने बताया कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए हमारी टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। रूटीन जांच के दौरान कर्मचारियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की यह बेहद गंभीर वारदात है। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को लिखित शिकायत देकर चालक व जेसीबी मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।




