Nuh news: 29 अगस्त को नूंह आएंगे मुख्यमंत्री नायब सैनी, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापकों के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में होंगे शामिल, मेवात विकास अभिकरण की भी करेंगे समीक्षा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 29 अगस्त को नूंह में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अखिल पिलानी ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
नूंह: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 29 अगस्त को नूंह में प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अखिल पिलानी ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 29 अगस्त को नूंह में आयोजित नव नियुक्त प्राथमिक अध्यापकों (नूंह/मेवात संवर्ग) के राज्य स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मेवात विकास अभिकरण के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां: बैठक में उपायुक्त ने जिला मौलिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और उन्हें सौंपे गए दायित्वों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी से पूरा करें।
पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, लोक निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थल की आवश्यक व्यवस्थाएं, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल एवं मूलभूत सुविधाओं तथा स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जिला सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करें और यदि कोई समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ पूरी की जाएं, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सफल और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम तावडू जितेंद्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, डीएसपी अभिमन्यु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




