Nuh Mewat News: नूंह की मंडियों में विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं - चेयरमैन वेदपाल
खरीद सीजन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष वेदपाल ने शुक्रवार को नूंह स्थित अनाज मंडी में मार्केट कमेटी नूंह के अध्यक्ष कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर मंडियों में चल रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
नूंह: हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष वेदपाल ने शुक्रवार को नूंह स्थित अनाज मंडी में मार्केट कमेटी नूंह के अध्यक्ष कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर मंडियों में चल रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से मंडी क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा लंबित समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

बैठक में वेदपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं रहनी चाहिए। विशेष रूप से बरसात के मौसम को देखते हुए मंडी परिसर में जलभराव की स्थिति न बनने दी जाए तथा साफ-सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में आवारा पशुओं के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि किसानों एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जिला नूंह की मंडियों से संबंधित जिन विकास कार्यों के लिए मुख्यालय से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, उन्हें शीघ्र शुरू कर समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। आगामी खरीद सीजन से पहले सभी मंडियों में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एवं विकास कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। वेदपाल ने अधिकारियों से कहा कि मंडियों के विकास एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यदि मुख्यालय स्तर पर किसी अतिरिक्त स्वीकृति अथवा संसाधन की आवश्यकता है तो उसका प्रस्ताव शीघ्र भेजा जाए, ताकि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को मंडियों के नियमित निरीक्षण तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला प्रभारी समय सिंह भाटी, गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानीराम मंगला, नरेंद्र पटेल, सुरेंद्र प्रताप आर्य, दिनेश नागपाल, थान सिंह कश्यप व मार्केट कमेटी नूंह के चेयरमैन मास्टर चेतराम, मार्केटिंग बोर्ड के जोनल ऑफिसर गुरुग्राम जितेंद्र सिंह, गुरुग्राम जोनल मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिसर राजीव चौधरी, एसई राजेश कुमार, कार्यकारी अभियंता अतुल यादव आदि मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



